शिव भैरम सेवा समिति द्वारा किया गया संस्कृति व सामाजिक सम्मान समारोह का आयोजन

WhatsApp Channel Join Now
शिव भैरम सेवा समिति द्वारा किया गया संस्कृति व सामाजिक सम्मान समारोह का आयोजन


जगदलपुर, 16 अगस्त (हि.स.)। शिव भैरम सेवा समिति द्वारा आज रविवार काे देशभक्ति, संस्कृति और सामाजिक सम्मान समारोह का आयाेजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के नामचीन कलाकारों ने देशभक्ति से ओत-प्रोत शानदार प्रस्तुतियां देकर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सुकमा जमींदार परिवार के कुमार जयदेव एवं विशिष्ट अतिथियों के रूप में एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, त्रिवेणी रंधारी एवं कुबेर देवांगन उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि कुमार जयदेव ने शिव भैरव वार्ड के निवासियों को स्वाधीनता दिवस की शुभकामनाएं दी और वार्ड के गौरवशाली इतिहास, समृद्ध परंपरा और विरासत का उल्लेख किया। उन्होंने अपने बचपन की स्मृतियों को साझा करते हुए कहा कि उनका लगाव इस वार्ड के लोगों के साथ सदैव रहा है। उन्होंने अपने छोटे भाई एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण देव के दिल्ली में दुर्घटना के बाद चल रहे उपचार का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में भी इस वार्ड के लोगों का स्नेह और आशीर्वाद उनके परिवार के साथ बना हुआ है। उन्होंने वार्डवासियों के आत्मीय संबंध और शुभकामनाओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

कुमार जयदेव ने शिव भैरव वार्ड की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर प्रकाश डालते हुए बताया कि रियासत काल में इस क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित एवं महत्वपूर्ण व्यक्तित्वों ने अपनी सेवाएं दी हैं। उन्होंने लोगों के योगदान को स्मरण किया और कहा कि इन विभूतियों की भूमिका क्षेत्र के इतिहास और सामाजिक व्यवस्था में महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने कहा कि भैरववार्ड केवल एक स्थान नहीं, बल्कि इतिहास, परंपरा, संस्कृति और समृद्ध विरासत को अपने भीतर संजोए हुए क्षेत्र है। यहां के लोगों की सामाजिक एवं सांस्कृतिक भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है, और इस गौरवशाली विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाना सभी की जिम्मेदारी है।

समारोह में भाग लेने वाले बच्चों एवं कलाकारों को मुख्य अतिथि एवं अतिथियों के हाथों पुरस्कार एवं सम्मान प्रदान किए गए। साथ ही वार्ड के वरिष्ठ नागरिकों का नागरिक अभिनंदन करते हुए उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान का यह आयोजन समाज के प्रति उनके योगदान और अनुभवों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का विशेष अवसर रहा। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि कुमार जयदेव को मोमेंटों स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

इस पूरे कार्यक्रम को सफल बनाने में शिव भैरम सेवा समिति के असीम दास, मथुरा प्रसाद तिवारी, रमेश पानीग्राही, नरसिंह तिवारी सुरेश दास, आनंद मिश्रा एवं उत्कल समाज के सचिव सुमीत महापात्र का योगदान रहा।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story