पीजी कॉलेज में व्यंजन प्रतियोगिता ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की सुगंध, तीन द‍िवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ

WhatsApp Channel Join Now
पीजी कॉलेज में व्यंजन प्रतियोगिता ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की सुगंध, तीन द‍िवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ


पीजी कॉलेज में व्यंजन प्रतियोगिता ने बिखेरी भारतीय संस्कृति की सुगंध, तीन द‍िवसीय वार्षिकोत्सव का शुभारंभ


कोरबा, 05 फरवरी (हि. स.)। शासकीय इंदिरा गांधी स्नातकोत्तर महाविद्यालय, कोरबा में होम साइंस विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना के संयुक्त तत्वावधान में आज गुरुवार को व्यंजन प्रतियोगिता के साथ तीन दिवसीय वार्षिकोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने देश के विभिन्न प्रांतों के पारंपरिक व्यंजनों की प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति की समृद्ध झलक दिखाई।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष चंद्रलोक सिंह रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में सूर्यकांत वर्मा, लक्ष्य चतुर्वेदी, अमित जैन एवं युवराज चंद्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं मां भारती के तैलचित्र पर दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।

प्राचार्य रेणु बाला शर्मा ने विद्यार्थियों की सक्रिय भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता एवं सांस्कृतिक चेतना को बढ़ावा देते हैं। मुख्य अतिथि ने विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत व्यंजनों को भारतीय सांस्कृतिक विविधता का जीवंत उदाहरण बताया।

प्रतियोगिता में लगभग 40 पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन प्रस्तुत किए गए, जिनमें अंगाकर रोटी, खीर, दही बड़ा, दाल फरा, तिरंगा इडली, लिट्टी-चोखा, ठेठरी-खुरमी एवं वेज बिरयानी शामिल रहे। फास्ट फूड पूरी तरह प्रतिबंधित रहा। मूल्यांकन नवाचार, स्वास्थ्यपरकता एवं प्रस्तुति के आधार पर किया गया।

प्रतियोगिता में प्रथम स्थान तरुण आनंद (एमएससी तृतीय सेमेस्टर) ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान संयुक्त रूप से विकास सोनवानी एवं साथी (बीए अंतिम वर्ष) तथा पूजा जायसवाल (एमएससी चतुर्थ सेमेस्टर) को मिला। तृतीय स्थान संयुक्त रूप से रेणुका एवं साथी, राजनंदिनी तथा करन श्रीवास ने प्राप्त किया।

कार्यक्रम का आयोजन अशोक शर्मा एवं अजय पटेल के संयोजन में संपन्न हुआ, जबकि संचालन दिनेश श्रीवास ने किया। आयोजन को सफल बनाने में महाविद्यालय के अधिकारी, कर्मचारी एवं विद्यार्थियों का सराहनीय योगदान रहा।

हिन्दुस्थान समाचार/हरीश तिवारी

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story