सीएसपीडीसीएल के कर्मचारी संघ का प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश 22 जून काे
जगदलपुर, 21 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत मंडल एवं विद्युत कंपनियों में कार्यरत आरक्षित वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों और सेवा संबंधी मुद्दों को लेकर 22 जून 2026 को प्रदेशव्यापी एक दिवसीय सामूहिक अवकाश पर जाने की घोषणा की है।
संघ का आरोप है कि लंबे समय से कर्मचारियों की विभिन्न मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है। संगठन का कहना है कि कई बार ज्ञापन, चर्चा और प्रशासनिक स्तर पर संवाद के प्रयास किए गए, लेकिन अपेक्षित परिणाम नहीं मिलने के कारण अब आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। संघ के पदाधिकारियों ने कहा कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं होती है तो भविष्य में आंदोलन को और व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है। हालांकि संगठन ने स्पष्ट किया है कि उसका पूरा कार्यक्रम शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से संचालित किया जाएगा।
सीएसईबी के आरक्षित वर्ग के अधिकारी-कर्मचारी संघ ने प्रबंधन पर कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लेने का आरोप लगाया है। संगठन का कहना है कि विभिन्न स्तरों पर चर्चा और समाधान की पहल के बावजूद अपेक्षित सकारात्मक निर्णय नहीं लिए गए। संघ के पदाधिकारियों का दावा है कि कर्मचारियों की मांगों पर सार्थक संवाद के बजाय प्रशासनिक दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है, जिससे कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ी है। संघ ने अपने आंदोलन को सामाजिक न्याय, समान अवसर और संवैधानिक अधिकारों से जुड़ा विषय बताया है। संगठन का कहना है कि आरक्षित वर्ग के कर्मचारियों को सेवा नियमों के तहत मिलने वाले अधिकारों और अवसरों का पूर्ण संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए। संघ के अनुसार, यह आंदोलन किसी टकराव की भावना से नहीं बल्कि कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और न्यायसंगत मांगों के समर्थन में किया जा रहा है।
संघ के प्रांतीय महासचिव विजय नाग ने आज जारी बयान में कहा कि विद्युत कंपनियों में पदोन्नति संबंधी प्रक्रियाओं में कई तरह की विसंगतियां बनी हुई हैं। राज्य शासन के अन्य विभागों में लागू नियमों और व्यवस्थाओं के अनुरूप पदोन्नति प्रक्रिया सुनिश्चित नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को समयबद्ध पदोन्नति, आरक्षण नियमों के पालन तथा सेवा संबंधी मामलों में पारदर्शिता की अपेक्षा है। संघ ने प्रदेश के सभी जिलों और विद्युत इकाइयों में कार्यरत आरक्षित वर्ग के अधिकारी-कर्मचारियों से 22 जून 2026 को सामूहिक अवकाश में शामिल होने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

