शराब ओवररेटिंग के मामले में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने सात कंपनियों को किया तलब

WhatsApp Channel Join Now
शराब ओवररेटिंग के मामले में छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने सात कंपनियों को किया तलब


रायपुर, 20 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों पर निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर शराब बेचने (ओवररेटिंग) के गंभीर मामलों को देखते हुए छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीएसएमसीएल ) ने सख्त कदम उठाया है। इस मामले में 7 मैनपावर/प्लेसमेंट एजेंसियों को तलब किया गया है, जो दुकानों में कर्मचारियों की आपूर्ति करती हैं।

उल्लेखनीय है कि हाल ही में राज्य स्तरीय उड़नदस्ता दल की जांच में विभिन्न जिलों की शराब दुकानों में बड़े पैमाने पर ओवररेटिंग की पुष्टि हुई थी। पहले भी इसे लेकर कई उप निरीक्षकों और आबकारी निरीक्षकों पर कार्रवाई हो चुकी है। नियमों के उल्लंघन और ओवररेटिंग पर लगाम लगाने में नाकाम रहने के कारण सीएसएमसीएल ने अब शराब दुकानों में मैनपावर सप्लाई करने वाली 7 निजी प्लेसमेंट एजेंसियों को नोटिस जारी कर तलब किया है।

आबकारी विभाग के सूत्रों के अनुसार शराब दुकानों में ओवररेटिंग के पीछे प्लेसमेंट एजेंसियों के माध्यम से नियुक्त किए गए सेल्समैनों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। आरोप है कि कंपनियों ने नए लोगों को मौका ना देकर पुराने और दागी लोगों को फिर से मौका दिया है।

सीएसएमसीएल द्वारा 18 जून 2026 जारी पत्र क्रमांक 3779 के अनुसार यह समीक्षा बैठक 23 जून 2026 को दोपहर 3:00 बजे आबकारी आयुक्त सह प्रबंध संचालक की अध्यक्षता में आयोजित की गई है । बैठक का आयोजन नवा रायपुर के सेक्टर-19 स्थित आबकारी आयुक्त कार्यालय के जीएसटी भवन सभाकक्ष में किया जाएगा । इस बैठक में प्रदेशभर में सेवाएं दे रही 7 प्रमुख मैनपावर एजेंसियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।

सीएसएमसीएल ने स्पष्ट कर दिया है कि बैठक में किसी एजेंसी का प्रतिनिधि या स्थानीय कर्मचारी शामिल नहीं होगा। संबंधित कंपनियों के डायरेक्टर अथवा सीईओ को स्वयं उपस्थित होना होगा। साथ ही राज्य स्तर के को-ऑर्डिनेटर की मौजूदगी भी अनिवार्य की गई है।बैठक के लिए जिन एजेंसियों को बुलाया गया है उनमें बॉम्बे इंटीग्रेटेड सिक्योरिटी, एसआईएस कैश सर्विसेज, इनोवसोर्स सर्विसेज, स्पेक्ट्रम टैलेंट मैनेजमेंट, पेरेग्रीन गार्डिंग, इनोविजन लिमिटेड और टीम एचआर जीएसए प्राइवेट लिमिटेड शामिल हैं।

उल्लेखनीय है की हाल ही में आबकारी आयुक्त पी.एस. एल्मा ने इस मामले में कड़ी लापरवाही बरतने के आरोप में चार आबकारी उपनिरीक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही आठ अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। रायपुर के फाफाडीह विदेशी मदिरा दुकान, बलौदाबाजार-भाटापारा, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, और धमतरी जिलों की मदिरा दुकानों में औचक निरीक्षण के दौरान तय कीमत से अधिक पैसे वसूले जाने के मामले रंगे हाथों पकड़े गए हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story