सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ : प्रभात बैस

WhatsApp Channel Join Now
सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ : प्रभात बैस


सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ : प्रभात बैस


धमतरी, 29 जून (हि.स.)। सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में वृत्ताकार कृषि साख सहकारी समिति मर्यादित कुरुद में साेमवार काे संगोष्ठी एवं विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सहकारिता के क्षेत्र में केंद्र एवं राज्य सरकार की पहल, सहकारी संस्थाओं की भूमिका तथा किसानों को मिल रही विभिन्न सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में प्राधिकृत अधिकारी प्रभात बैस ने कहा कि सहकारी समितियां ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और किसानों को खाद, बीज, ऋण सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। सहकारिता के माध्यम से आत्मनिर्भर भारत के निर्माण की अवधारणा भी मजबूत हो रही है।

मुख्य अतिथि भानु चंद्राकर ने अपने संबोधन में कहा कि सहकारिता आंदोलन किसानों, ग्रामीणों और आम नागरिकों की आर्थिक उन्नति का सशक्त माध्यम बनकर उभरा है। सहकारिता मंत्रालय के गठन के बाद सहकारी संस्थाओं को नई दिशा और मजबूती मिली है, जिससे किसानों तक योजनाओं का लाभ अधिक सरलता और पारदर्शिता के साथ पहुंच रहा है।

संगोष्ठी में वक्ताओं ने सहकारिता मंत्रालय के पांच वर्षों की उपलब्धियों, सहकारी समितियों के सुदृढ़ीकरण, डिजिटलीकरण और किसानों के हित में संचालित विभिन्न योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में समिति के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, किसान एवं बड़ी संख्या में समिति सदस्य उपस्थित रहे।

भारत सरकार के सहकारिता मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में 29 जून से छह जुलाई तक आयोजित राष्ट्रीय सहकारिता सप्ताह का शुभारंभ जिला सहकारी संघ धमतरी सहित विभिन्न सहकारी संस्थाओं में उत्साहपूर्वक किया गया। जिला सहकारी संघ कार्यालय में सहकारी ध्वज का ध्वजारोहण प्राधिकृत अधिकारी सीपी साहू ने नागरिकों की उपस्थिति में किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की सहकार से समृद्धि की परिकल्पना को साकार करने के उद्देश्य से छह जुलाई 2021 को पृथक सहकारिता मंत्रालय का गठन किया गया।

सहकारिता मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में मंत्रालय ने अल्प समय में सहकारिता क्षेत्र को सशक्त बनाने के लिए कई ऐतिहासिक पहल और योजनाएं शुरू की हैं। उन्होंने मंत्रालय के पांच वर्ष पूर्ण होने पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का संचालन एवं आभार प्रदर्शन संघ प्रबंधक एपी गुप्ता ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story