108 एंबुलेंस में गूंजी किलकारी, महिला ने बच्ची को दिया जन्म
धमतरी, 12 अक्टूबर (हि.स.)। आपातकालीन परिस्थितियों में 108 एंबुलेंस सेवा एक बार फिर जरूरतमंद परिवार के लिए मददगार साबित हुई। सिविल अस्पताल नगरी से जिला अस्पताल धमतरी रेफर की गई गर्भवती महिला ने रास्ते में ही एंबुलेंस के भीतर एक स्वस्थ बच्ची को जन्म दिया। एंबुलेंस में नवजात की किलकारी गूंजते ही परिजनों की चिंता खुशी में बदल गई। जच्चा और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम दलदली निवासी भवानी नागेश (25 वर्ष) को प्रसव के लिए सिविल अस्पताल नगरी में भर्ती कराया गया था। महिला की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने बेहतर उपचार और सुरक्षित प्रसव के लिए उसे जिला अस्पताल धमतरी रेफर करने का निर्णय लिया। इसके बाद 108 एंबुलेंस के माध्यम से महिला को धमतरी ले जाया जा रहा था। एंबुलेंस में इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) पूर्णिमा और पायलट देवेंद्र कुमार मौजूद थे। दोनों महिला को लेकर जिला अस्पताल की ओर रवाना हुए, लेकिन रास्ते में महिला की प्रसव पीड़ा बढ़ गई।
ग्राम दलदली से कुछ आगे पहुंचते ही महिला ने एंबुलेंस के भीतर ही बच्ची को जन्म दिया। अचानक आई इस परिस्थिति में एंबुलेंस में मौजूद ईएमटी पूर्णिमा ने तत्परता दिखाते हुए प्रसव प्रक्रिया में आवश्यक सहायता प्रदान की। पायलट देवेंद्र कुमार ने भी परिस्थितियों के अनुरूप सहयोग किया। टीम की सूझबूझ और समय पर की गई मदद से एंबुलेंस में ही सुरक्षित प्रसव संपन्न हो सका। प्रसव के बाद मां और नवजात की स्थिति सामान्य और स्वस्थ बताई गई। इस घटना ने एक बार फिर आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की उपयोगिता को रेखांकित किया है। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाई जा रही महिला के लिए 108 एंबुलेंस उस समय प्रसव कक्ष बन गई, जब रास्ते में ही उसे बच्ची को जन्म देना पड़ा। एंबुलेंस कर्मियों की तत्परता से मां और नवजात को सुरक्षित रखने में मदद मिली।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

