सुकमा में सीआरपीएफ के एसआई ने स्वयं को गोली मारकर की आत्महत्या

WhatsApp Channel Join Now
सुकमा में सीआरपीएफ के एसआई ने स्वयं को गोली मारकर की आत्महत्या


सुकमा, 14 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के मेट्टागुड़म कैंप में तैनात सीआरपीएफ के उपनिरीक्षक देवानंद यादव ने स्वयं को गोली मार ली। घटना के बाद साथी जवान उन्हें तुरंत इल्मागुड़ा कैंप ले गए, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। एसपी मयंक गुर्जर ने इसकी पुष्टि की है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार यह घटना 13 अक्टूबर की रात करीब 12 से 12:30 बजे के बीच हुई। देवानंद यादव 131वीं वाहिनी सीआरपीएफ में तैनात थे। कैंप में मौजूद जवानों और अधिकारियों ने उन्हें प्राथमिक इलाज के लिए पहुंचाया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। देवानंद यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के ग्राम करजहा के रहने वाले थे। इसकी सूचना उनके परिजनों को दे दी गई है। एसआई ने किन कारणों से यह कदम उठाया, इसका अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक के शव का पंचनामा और पोस्टमॉर्टम कराने के बाद उसे उनके गृह ग्राम भेजने की तैयारी की जा रही है।

सुकमा पुलिस ने अपने आधिकारिक प्रेस नोट में स्पष्ट किया है कि उपनिरीक्षक द्वारा यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया गया, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है। पुलिस ने अभी तक किसी विशेष कारण की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में घटना के पीछे व्यक्तिगत, पारिवारिक या ड्यूटी से संबंधित किसी वजह को जिम्मेदार ठहराना फिलहाल उचित नहीं होगा। घटना को लेकर पुलिस की जांच जारी है और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम और जांच से जुड़ी आगे की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

760552 Articles

Share this story