गांधी जयंती पर सीआरपीएफ का स्वच्छता अभियान, जवानों ने लिया पर्यावरण संरक्षण की शपथ
बीजापुर, 02 अक्टूबर (हि.स.)। स्वच्छ भारत सेवा अभियान के तहत 196वीं वाहिनी केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल द्वारा गांधी जयंती के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन 196वीं वाहिनी के कमाण्डेन्ट मनीष कुमारकी अध्यक्षता में किया गया।
इस दौरान अधिकारियों और जवानों ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण तथा सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत “एक पेड़ माँ के नाम, एक पेड़ देश के नाम” अभियान के तहत पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ हुई। कमाण्डेन्ट सहित अधिकारियों और सभी जवानों ने पौधारोपण कर पर्यावरण को सुरक्षित रखने और अधिक से अधिक पौधे लगाने का संकल्प लिया। इस दौरान जवानों ने पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को अपनी जिम्मेदारी बताते हुए अपने आसपास के वातावरण को स्वच्छ और सुरक्षित रखने की शपथ ली।
इस अवसर पर कैम्प परिसर की साफ-सफाई में योगदान देने वाले सफाई मित्रों को कमाण्डेन्ट मनीष कुमार ने प्रशस्ति पत्र एवं उपहार देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने सफाई मित्रों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के निर्माण में स्वच्छता कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम के अगले चरण में 196वीं वाहिनी के अधिकारी और जवान महादेव मंदिर, बीजापुर पहुंचे। यहां मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। जवानों ने मंदिर परिसर की साफ-सफाई करते हुए लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान सार्वजनिक और धार्मिक स्थलों को साफ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम में द्वितीय कमान अधिकारी दिनेश, उप कमाण्डेन्ट गुलशन तिर्की, सहायक कमाण्डेन्ट तरुण कुमार मीणा एवं लोकेश यादव, चिकित्साधिकारी डॉ. शुभम नितिन पवार, अधीनस्थ अधिकारी तथा वाहिनी के जवानों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
सीआरपीएफ की 196वीं वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ विभिन्न कंपनियों में भी हुए आयोजन
196वीं वाहिनी मुख्यालय के साथ-साथ वाहिनी की विभिन्न कंपनियों में भी गांधी जयंती के अवसर पर स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए। ए/196 नाम्बी में सहायक कमाण्डेन्ट हरीश कुमार के नेतृत्व में कार्यक्रम हुआ। ई/196 पुजारीकांकेर में उप कमाण्डेन्ट कुणाल किशोर तथा बी/196 ताड़पाला घाटी में निरीक्षक विनोद कुमार सिंह के नेतृत्व में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
इसी तरह एफ/196 ताड़पाला में सहायक कमाण्डेन्ट विनोद कुमार के नेतृत्व में, डी/196 हीरानगर, जम्मू-कश्मीर में निरीक्षक रजनीकान्त रावत के नेतृत्व में तथा जी/196 लेह में सहायक कमाण्डेन्ट अनिल कुमार के नेतृत्व में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों में अधिकारियों और जवानों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। स्वच्छता अभियान, पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण के माध्यम से जवानों ने समाज को यह संदेश दिया कि पर्यावरण की सुरक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
196वीं वाहिनी द्वारा गांधी जयंती पर आयोजित इन कार्यक्रमों का उद्देश्य स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। जवानों ने संकल्प लिया कि वे स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाएंगे तथा अपने कार्यक्षेत्र और आसपास के वातावरण को स्वच्छ, सुरक्षित एवं हरा-भरा रखने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

