चक्रवात अर्नब से फसलों को हुए नुकसान का होगा सर्वे, प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत राशि, कलेक्टर ने दिए निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
चक्रवात अर्नब से फसलों को हुए नुकसान का होगा सर्वे, प्रभावित किसानों को मिलेगी राहत राशि, कलेक्टर ने दिए निर्देश


जांजगीर-चांपा, 31 अक्टूबर (हि. स.)। चक्रवात अर्नब के प्रभाव से हुई बारिश के कारण फसलों को पहुंचे नुकसान का प्रशासन जल्द सर्वे कराएगा। प्रभावित किसानों को राहत पहुंचाने के लिए कलेक्टर जन्मेजय महोबे ने शनिवार को राजस्व, कृषि एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि फसल क्षति का वास्तविक आकलन कर पात्र किसानों को आरबीसी 6-4 के प्रावधानों के तहत सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए।

कलेक्टर ने सभी एसडीएम, तहसीलदारों और कृषि विभाग के अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर नुकसान का सही आकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों को समय पर राहत उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। फसलों के साथ ही पशुधन को हुई क्षति का भी सर्वे कर शासन के नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाए।

बैठक में कलेक्टर ने 1 से 5 नवंबर तक आयोजित होने वाली विशेष ग्राम सभाओं की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि ग्राम सभाओं में एग्रीस्टेक फार्मर रजिस्ट्री में पंजीकृत किसानों की सूची और डिजिटल क्रॉप सर्वे में दर्ज फसल विवरण का वाचन किया जाए। धान विक्रय के लिए पंजीकृत किसानों एवं उनके खसरों की सूची ग्राम पंचायतों के सूचना पटल और प्रमुख स्थानों पर प्रदर्शित की जाए।

विशेष ग्राम सभाओं में प्राप्त दावा-आपत्तियों का निराकरण 6 से 10 नवंबर के बीच किया जाएगा। जिन किसानों के खसरे फार्मर रजिस्ट्री में दर्ज नहीं हैं, वे समिति अथवा चॉइस सेंटर के माध्यम से अद्यतन बी-1, आधार कार्ड और मोबाइल की सहायता से आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर सकेंगे। डिजिटल क्रॉप सर्वे में त्रुटि मिलने पर भौतिक सत्यापन कर सही फसल की प्रविष्टि की जाएगी।

बैठक में संयुक्त कलेक्टर संदीप ठाकुर उपस्थित रहे। सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी वर्चुअल माध्यम से शामिल हुए।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

770142 Articles

Share this story