खरीफ 2026-27 में फसल कटाई प्रयोग सीसीई एग्री ऐप से करना अनिवार्य
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने निर्धारित समय-सीमा में प्रयोग पूरे करने के दिए निर्देश
कोरबा, 15 अक्टूबर (हि. स.)। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ वर्ष 2026-27 में अधिसूचित फसलों के फसल कटाई प्रयोग (सीसीई) शत-प्रतिशत सीसीई एग्री मोबाइल ऐप के माध्यम से किए जाएंगे। कलेक्टर कुणाल दुदावत ने सभी तहसीलदारों एवं विकासखंडस्तरीय पर्यवेक्षण समिति के अध्यक्षों तथा वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारियों एवं समिति के सचिवों को प्रयोग निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता देने को कहा है।
भारत सरकार के निर्देशानुसार खरीफ वर्ष 2025 से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत आयोजित फसल कटाई प्रयोगों में सीसीई एग्री मोबाइल ऐप का उपयोग अनिवार्य किया गया है। ऐप के वर्तमान संस्करण में पिछले संस्करण की तुलना में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। इन्हीं बदलावों और ऐप के उपयोग के संबंध में कृषि, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन विभाग के विकासखंड तथा तहसील स्तर के मास्टर ट्रेनरों और प्राथमिक उपयोगकर्ताओं को प्रशिक्षण दिया गया है। उपयोगकर्ताओं को 2 सितंबर 2026 को सैद्धांतिक प्रशिक्षण तथा कोरबा के ईवीपीजी महाविद्यालय खेल मैदान में व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। इसके बाद 7 सितंबर 2026 को प्रत्येक विकासखंड एवं तहसील के मास्टर ट्रेनरों और प्राथमिक उपयोगकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दिशा-निर्देशों तथा राज्य शासन द्वारा समय-समय पर जारी अधिसूचनाओं के अनुसार, अधिसूचित फसलों की उपज का आकलन फसल कटाई प्रयोग से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर किया जाता है। सीसीई एग्री ऐप के माध्यम से दर्ज उपज आंकड़ों के आधार पर पात्र बीमित किसानों के दावों की गणना की जाती है और बीमा कंपनी द्वारा दावा राशि का भुगतान किया जाता है।
हिन्दुस्थान समाचार/ हरीश तिवारी
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

