श्मशान पर पहरा, अंतिम संस्कार को लेकर गांव में बवाल

WhatsApp Channel Join Now
श्मशान पर पहरा, अंतिम संस्कार को लेकर गांव में बवाल


श्मशान पर पहरा, अंतिम संस्कार को लेकर गांव में बवाल


श्मशान पर पहरा, अंतिम संस्कार को लेकर गांव में बवाल


प्रशासन की सलाह के बाद शांत हुआ मामला

धमतरी, 08 अगस्त (हि.स.)। जिले के श्यामतराई गांव में शनिवार काे एक महिला की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद खड़ा हो गया। अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों और मृतिका के परिजनों के बीच जमकर विवाद हुआ। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि ग्रामीणों ने श्मशान जाने वाले रास्ते पर बांस बल्लियों से बैरिकेडिंग कर रास्ता बंद कर दिया। घंटों तक हंगामा और तनाव की स्थिति बनी रही।

जानकारी के अनुसार श्यामतराई निवासी गीता बाई साहू, उम्र 56 वर्ष का निधन हो गया था। बताया गया कि उनका परिवार पिछले लगभग 10 वर्षों से हिंदू धर्म की पारंपरिक रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रहा था और रामपाल पंथ से जुड़ा हुआ था। परिवार जब मृतिका के शव को अंतिम संस्कार के लिए गांव के मुक्तिधाम की ओर ले जाने लगा, तो ग्रामीणों ने इसका विरोध शुरू कर दिया। ग्रामीणों का कहना था कि गांव में पहले ही मुनादी कराई गई थी कि जो व्यक्ति हिंदू धर्म की परंपराओं को नहीं मानता अथवा ईसाई धर्म या रामपाल पंथ से जुड़ा है, उसे गांव के श्मशान में अंतिम संस्कार की अनुमति नहीं दी जाएगी।

विरोध के दौरान ग्रामीणों ने श्मशान जाने वाले रास्ते को बांस-बल्लियों से घेरकर बंद कर दिया, जिससे मौके पर तनाव की स्थिति निर्मित हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। ग्रामीण परमेश्वर साहू और बालक राम साहू ने बताया कि मृतिका का परिवार करीब 10 वर्षों से हिंदू धर्म के रीति-रिवाजों का पालन नहीं कर रहा था। बार-बार सलाह देने के बावजूद परिवार अपनी मान्यताओं पर कायम रहा, जिसके कारण शव के अंतिम संस्कार को लेकर ग्रामीणों ने विरोध किया।

प्रशासन की सलाह के बाद मामला शांत हुआ

नायब तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि मृतिका के स्वजन ग्रामीण परंपराओं का निर्वहन नहीं करते थे, इसलिए ग्रामीण अंतिम क्रियाकर्म के लिए शव को रोक रहे थे। ग्रामीणों को समझाइश देने के बाद पूरे हिंदू रीति-रिवाज के साथ अंतिम क्रियाकर्म कराया गया। प्रशासन की समझाइश और हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ तथा फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बहाल है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story