निगम ने अभियान चलाकर पकड़े 95 मवेशी

WhatsApp Channel Join Now
निगम ने अभियान चलाकर पकड़े 95 मवेशी


बेसहारा मवेशियों पर निगम की सख्ती

धमतरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी शहर की सड़कों पर बढ़ती अव्यवस्था और दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए नगर पालिक निगम ने बेसहारा मवेशियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया है। निगम का विशेष धरपकड़ अभियान लगातार पांचवें दिन भी जारी रहा, जिसके तहत अब तक 95 मवेशियों को पकड़कर सुरक्षित स्थानों पर रखा जा चुका है। इस कार्रवाई से शहर के प्रमुख चौक-चौराहों और मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिल रहा है।

निगम अधिकारियों के अनुसार, शहर में लंबे समय से बेसहारा मवेशियों की समस्या बनी हुई थी। सड़कों पर झुंड के रूप में घूमते मवेशियों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही थीं, जिससे आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इसी स्थिति को नियंत्रित करने के लिए निगम द्वारा यह विशेष अभियान शुरू किया गया है, जिसमें टीम रोजाना शाम के समय अलग-अलग क्षेत्रों में सक्रिय रहकर मवेशियों को पकड़ रही है।।अभियान के तहत पकड़े गए मवेशियों को अर्जुनी स्थित गौठान में रखा जा रहा है। वहां उनके लिए चारा-पानी और देखभाल की समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो।

निगम प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि, मवेशियों के मालिकों को अपने पशुओं की जिम्मेदारी स्वयं उठानी होगी। निगम ने शहरवासियों और मवेशी पालकों से अपील की है कि वे अपने मवेशियों को खुले में न छोड़ें। यदि कोई व्यक्ति अपने मवेशियों को सड़कों पर छोड़ता पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि यह अभियान केवल अस्थायी नहीं, बल्कि शहर को व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने की दिशा में एक सतत प्रयास है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले दिनों में भी यह अभियान लगातार जारी रहेगा। शहर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुचारू यातायात व्यवस्था से युक्त बनाने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी की जाएगी, ताकि बेसहारा मवेशियों की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इन स्थानों में लगा रहता है झुंड:

उल्‍लेखनीय है कि, शहर के मकई चौक, रत्नाबांधा चौक, अंबेडकर चौक, सिहावा चौक, दानीटोला मार्ग और इतवारी बाजार जैसे व्यस्त क्षेत्रों में मवेशियों के झुंड अक्सर देखे जाते हैं। इन स्थानों पर दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती है। ऐसे में निगम की यह कार्रवाई नागरिकों के लिए राहत भरी साबित हो रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story