हसदेव नदी के दलदल में फंसी गौमाता का सफल रेस्क्यू, प्रयास सेवा संस्थान की टीम ने बचाई जान

WhatsApp Channel Join Now
हसदेव नदी के दलदल में फंसी गौमाता का सफल रेस्क्यू, प्रयास सेवा संस्थान की टीम ने बचाई जान


जांजगीर चाम्पा, 27 फरवरी (हि. स.)। हसदेव नदी के बीच दलदल में फंसी एक गौमाता का प्रयास सेवा संस्थान चाम्पा की टीम ने सफल रेस्क्यू कर सुरक्षित बाहर निकाला। समय पर मिली सूचना और त्वरित कार्रवाई से गौमाता की जान बच गई, जिसके बाद गौसेवकों ने मौके पर ही उसका प्राथमिक उपचार भी किया।

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह नरेंद्र देवांगन को हसदेव नदी के बीच दलदल में एक गौमाता के फंसे होने की सूचना मिली। उन्होंने तुरंत इसकी जानकारी नंद कुमार देवांगन और प्रयास सेवा संस्थान चाम्पा की टीम को दी। सूचना मिलते ही संस्थान के सदस्यों ने तत्काल एक रेस्क्यू टीम गठित की और मौके पर पहुंचकर बचाव कार्य शुरू किया।

दलदल में लंबे समय से फंसी होने के कारण गौमाता काफी कमजोर और थकी हुई थी। टीम ने सावधानीपूर्वक प्रयास करते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाला। रेस्क्यू के बाद गौसेवकों ने मौके पर ही प्राथमिक उपचार किया, जिससे कुछ ही देर में गौमाता की स्थिति में सुधार हुआ और वह स्वस्थ महसूस करने लगी। बाद में गौमाता को सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया गया, जहां वह सामान्य रूप से चरते हुए चली गई।

रेस्क्यू अभियान में नंद कुमार देवांगन, युवराज सिंह कंवर, नरेंद्र देवांगन, नमन कामदार, वैभव शर्मा, शुभनाथ देवांगन सहित आसपास के कई गौभक्तों का विशेष योगदान रहा।

उल्लेखनीय है कि प्रयास सेवा संस्थान चाम्पा पिछले लगभग दस वर्षों से गौसेवा और पशु संरक्षण के क्षेत्र में सक्रिय है। संस्था द्वारा समय-समय पर घायल और संकट में फंसे मवेशियों का रेस्क्यू कर उनका उपचार कराया जाता है, जिसे स्थानीय लोगों ने सराहनीय और अनुकरणीय पहल बताया है।

हिन्दुस्थान समाचार/ लालिमा शुक्ला पुरोहित

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / LALIMA SHUKLA PUROHIT

Share this story