गोवंश वध के मामले में छह गिरफ्तार

WhatsApp Channel Join Now
गोवंश वध के मामले में छह गिरफ्तार


बलरामपुर, 21 सितंबर (हि.स.)। बलरामपुर जिले के ग्राम लावा के जंगल में गोवंश वध के मामले में विजयनगर चौकी पुलिस ने छह आरोपितों को आज सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपितों के कब्जे से मांस के टुकड़े, पूछ और शरीर के अन्य हिस्से बरामद किए गए हैं। सभी आरोपितों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर जिला जेल रामानुजगंज भेज दिया गया है।

पुलिस ने विज्ञप्ति जारी कर बताया कि, 3 सितंबर को विजयनगर चौकी में सूचना मिली थी कि ग्राम लावा के जंगल में कुछ संदिग्ध वस्तुएं पड़ी हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई थी कि जंगल में गोवंश का वध किया गया है। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पशु चिकित्सा विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जंगल में खोजबीन की, जहां हड्डियां और जमीन पर बिखरा हुआ खून मिला।

इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना में शामिल संदिग्ध लोगों की पहचान करने का प्रयास किया। पूछताछ के दौरान दो लोगों पर संदेह सामने आया। पुलिस और पशु चिकित्सा विभाग की टीम गवाहों के साथ संदिग्धों के घर पहुंची और पूछताछ की।

पुलिस का कहना है कि पूछताछ के दौरान आरोपितों ने एक परिचित व्यक्ति से 700 रुपये में एक बैल खरीदने और अन्य लोगों के साथ मिलकर उसका वध करने की बात स्वीकार की। पुलिस के अनुसार, तलाशी के दौरान आरोपितों के घर से मांस के टुकड़े, पूछ और शरीर के अन्य हिस्से बरामद किए गए।

मामले में पुलिस ने दयाशंकर मुरूम (31), हरवान चरगट (42), रामाशंकर पल्हे (41), अनिमेश केरकेट्टा (22), मार्शेल एक्का (25) और रामसाय मुरूम (45), सभी निवासी ग्राम लावा, चौकी विजयनगर, थाना रामानुजगंज को आज सोमवार को गिरफ्तार किया।

पुलिस ने आरोपितों के खिलाफ अपराध क्रमांक 158/2026 के तहत बीएनएस की धारा 325, 238, 3(5), छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 10 तथा पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1) के तहत मामला दर्ज किया है।

संपूर्ण जांच के बाद आरोपितों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल वारंट जारी होने पर सभी को जिला जेल रामानुजगंज में निरुद्ध किया गया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आगे की जांच जारी है और अन्य संभावित आरोपितों की तलाश की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story