गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष की कार रोक नशे में धुत दो युवकों ने किया हमले का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now
गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष की कार रोक नशे में धुत दो युवकों ने किया हमले का प्रयास


रायपुर, 17 जून (हि.स.)। छत्तीसगढ़ राज्य गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री दर्जा प्राप्त) विश्वेश्वर पटेल की कार को बुधवार दोपहर रोककर कबीरधाम (कवर्धा) के ट्रांसपोर्ट नगर में नशे में धुत दो युवकों ने अभद्र व्यवहार और हमले का प्रयास किया। पुलिस ने तुरंत एक्शन लेते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

कवर्धा पुलिस ने जानकारी दी है कि, विश्वेसर पटेल कवर्धा मुख्यालय से अपने गांव रोहरा लौट रहे थे। तभी अचानक पीछे से आई एक बाइक उनकी कार से टकरा गई। बस यहीं से विवाद शुरू हो गया। कार रुकते ही बाइक सवार दो युवक बाहर आए और जमकर गाली-गलौज करने लगे।सूत्रों के मुताबिक, ये युवक इतने गुस्से में थे कि उन्होंने सड़क से पत्थर उठा लिए और गाड़ी पर हमला करने की कोशिश की। गनीमत रही कि आसपास के लोगों ने बीच-बचाव किया, वरना मामला और भी बिगड़ सकता था।

घटना के बाद आयोग अध्यक्ष ने बताया कि वे सुरक्षा को लेकर डीजीपी और राज्य सरकार को कई बार पत्र लिख चुके हैं, लेकिन उन्हें अभी तक कोई सुरक्षा गार्ड नहीं मिला है।

कबीरधाम के एसपी धर्मेंद्र सिंह के अनुसार, सूचना मिलते ही सिटी कोतवाली पुलिस की टीम तुरंत मौके पर पहुंची।पुलिस ने मौके पर स्थिति को नियंत्रित कर दोनों आरोपितों को हिरासत में लिया और गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज किया।आरोपितों को स्थानीय न्यायालय में पेश किया गया, जिसके बाद अदालत के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / केशव केदारनाथ शर्मा

Share this story