राम मंदिर चढ़ावा मामले में हो रही लीपापोती: शैलेश नितिन त्रिवेदी

WhatsApp Channel Join Now
राम मंदिर चढ़ावा मामले में हो रही लीपापोती: शैलेश नितिन त्रिवेदी


धमतरी, 16 जुलाई (हि.स.)।धमतरी जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन धमतरी में गुरुवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शैलेश नितिन त्रिवेदी ने श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट से जुड़े कथित चढ़ावा और चंदा अनियमितता के मामले को लेकर केंद्र सरकार और ट्रस्ट प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले में सच्चाई सामने लाने के बजाय लीपापोती की जा रही है। कांग्रेस ने इस प्रकरण की सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, फारेंसिक आडिट और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि भगवान श्रीराम करोड़ों भारतीयों की आस्था, संस्कृति और नैतिक चेतना के प्रतीक हैं। देशभर के श्रद्धालुओं ने अपनी श्रद्धा और मेहनत की कमाई से राम मंदिर निर्माण के लिए चंदा दिया था। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा, आरएसएस और संघ परिवार ने वर्षों तक भगवान राम के नाम पर राजनीति कर चंदा जुटाया और अब उसी धन व चढ़ावे में अनियमितताओं के आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यह केवल आर्थिक मामला नहीं, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय है। यदि सब कुछ पारदर्शी था, तो ट्रस्ट के तत्कालीन महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्र के इस्तीफे क्यों हुए। उन्होंने केंद्र सरकार से सवाल किया कि प्रधानमंत्री इस पूरे मामले पर मौन क्यों हैं और ट्रस्ट के शीर्ष पदाधिकारियों की जवाबदेही अब तक क्यों तय नहीं की गई। यदि पूरे ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं तो कार्रवाई केवल छोटे कर्मचारियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए।

प्रेस वार्ता में कांग्रेस ने पांच प्रमुख मांगें भी रखीं। इनमें प्रधानमंत्री द्वारा पूरे प्रकरण पर स्पष्टीकरण, कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई, सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में स्वतंत्र न्यायिक जांच, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के पुनर्गठन एवं मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त चंदे, चढ़ावे, भूमि खरीद और खर्चों का स्वतंत्र फारेंसिक आडिट कर रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग शामिल है।

शैलेश नितिन त्रिवेदी ने कहा कि भगवान श्रीराम किसी राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था, संस्कृति और मर्यादा के प्रतीक हैं। छत्तीसगढ़ की लोकमान्यता में भगवान राम भांजे हैं, इसलिए यहां के लोगों का उनसे विशेष आत्मीय रिश्ता है। उन्होंने कहा कि भगवान राम के नाम पर प्राप्त चंदे और चढ़ावे के प्रत्येक रुपये का पारदर्शी हिसाब देश के सामने आना चाहिए। इस दौरान जिलाध्यक्ष तारिणी नीलम चंद्राकर, पूर्व विधायक डा लक्ष्मी ध्रुव, जिला पंचायत सदस्य कविता योगेश बाबर, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी, आनंद पवार, योगेश शर्मा सहित कांग्रेस के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story