गोल बाजार में कचरा फैलाने वालों पर निगम की सख्ती, की गई चलानी कार्रवाई

WhatsApp Channel Join Now
गोल बाजार में कचरा फैलाने वालों पर निगम की सख्ती, की गई चलानी कार्रवाई


धमतर, 20 फ़रवरी (हि.स.)। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से नगर निगम धमतरी द्वारा लगातार निगरानी और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गोल बाजार परिसर में फल विक्रेताओं द्वारा खुले में कचरा फैलाने की शिकायत मिलने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

जांच के दौरान पाया गया कि कुछ विक्रेताओं द्वारा सड़े-गले फल, पत्तियां और अन्य अपशिष्ट सामग्री सड़क और नाली के पास फेंकी जा रही थी, जिससे आसपास गंदगी फैल रही थी और आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। स्वच्छता विभाग की संयुक्त टीम ने संबंधित फल विक्रेताओं के खिलाफ 200-200 रुपये की चलानी कार्रवाई की। साथ ही उन्हें सख्त हिदायत दी गई कि भविष्य में कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें और दुकान के आसपास साफ-सफाई बनाए रखें।

निगम अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। शहर के नागरिक गोलू ठाकुर, पंकज साहू और तिलक साहू ने कहा कि शहर के अलग-अलग स्थानों पर सब्जी और फल विक्रय किया जाता है, लेकिन कई विक्रेता कचरा सड़क किनारे फेंक देते हैं, जिससे गंदगी फैलती है। उन्होंने निगम से लगातार कार्रवाई की मांग की ताकि लोगों को राहत मिल सके।

नगर निगम के स्वास्थ्य सभापति निलेश लुनिया ने कहा कि, शहर में सफाई व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। कचरा फैलाने वालों के खिलाफ निरंतर कार्रवाई की जा रही है और इसी क्रम में गोल बाजार में यह कार्रवाई की गई है। उन्होंने व्यापारियों और नागरिकों से स्वच्छता नियमों का पालन करने और शहर को साफ-सुथरा रखने में सहयोग की अपील की।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story