राजस्व वसूली पर निगम सख्त, घर-घर पहुंचकर बकाया वसूली के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजस्व वसूली पर निगम सख्त, घर-घर पहुंचकर बकाया वसूली के निर्देश


धमतरी, 10 अप्रैल (हि.स.)। धमतरी नगर पालिक निगम में राजस्व वसूली को लेकर सख्ती बढ़ा दी गई है। उपायुक्त एवं राजस्व अधिकारी पी.सी. सार्वा ने शुक्रवार काे विभागीय बैठक लेकर अधिकारियों-कर्मचारियों को 100 प्रतिशत टैक्स वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निगम की आय बढ़ाने के लिए अब फील्ड में सक्रिय होकर घर-घर संपर्क करना होगा।

बैठक में सार्वा ने कहा कि सभी कर्मचारी अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से भ्रमण कर करदाताओं से संपर्क करें और लंबित करों की वसूली प्राथमिकता से पूरी करें। लंबे समय से बकाया रखने वाले करदाताओं के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं। बैठक में यूजर चार्ज, प्रॉपर्टी टैक्स और वॉटर टैक्स पर विशेष फोकस करने को कहा गया। इन मदों में अधिक से अधिक वसूली कर निगम की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। कर्मचारियों को लक्ष्य तय कर निर्धारित समय-सीमा में वसूली कार्य पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।

उल्लेखनीय है कि आयुक्त प्रिया गोयल ने टैक्स वसूली में लापरवाही पर नाराजगी जताते हुए सख्त रुख अपनाया है और शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। निगम के 40 वार्डों में नागरिकों को विभिन्न सुविधाएं प्रदान की जाती हैं, जिनके बदले करों का भुगतान आवश्यक है। उपायुक्त पीसी सार्वा ने चेतावनी दी कि कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने टीम वर्क के साथ बेहतर परिणाम देने पर जोर देते हुए सभी को जिम्मेदारी के साथ कार्य करने की हिदायत दी। बैठक में राजस्व विभाग के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story