बारिश से पहले एक्शन मोड में निगम, सफाई में लापरवाही पर होगी सख्ती : महापौर रामू रोहरा

WhatsApp Channel Join Now
बारिश से पहले एक्शन मोड में निगम, सफाई में लापरवाही पर होगी सख्ती : महापौर रामू रोहरा


धमतरी, 28 मई (हि.स.)। आगामी बारिश के मौसम को देखते हुए नगर पालिक निगम धमतरी अभी से तैयारी में जुट गया है। शहर में जलभराव, गंदगी और संक्रामक बीमारियों की आशंका को रोकने निगम प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में महापौर रामू रोहरा ने गुरुवार को विभाग प्रभारी निलेश लुनिया, निगम अधिकारियों, स्वास्थ्य अमले एवं सुपरवाइजरों की महत्वपूर्ण बैठक लेकर सफाई व्यवस्था को लेकर सख्त निर्देश जारी किए।

महापौर ने कहा कि सफाई व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्देश दिए कि बारिश शुरू होने से पहले शहर की सभी बड़ी और छोटी नालियों की सफाई हर हाल में पूरी कर ली जाए, ताकि बारिश का पानी बिना किसी रुकावट के निकल सके और जलभराव की स्थिति निर्मित न हो।

बैठक में शहर की मौजूदा सफाई व्यवस्था, कचरा उठाव, नालियों की स्थिति, संसाधनों की उपलब्धता तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि विभिन्न वार्डों में नालियों की सफाई का कार्य तेजी से जारी है तथा अतिरिक्त कर्मचारियों की मदद से अभियान को और गति दी जा रही है। महापौर रामू रोहरा ने कहा कि बरसात के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी आम नागरिकों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन सकती है। जलभराव से जहां सड़कें प्रभावित होती हैं, वहीं गंदगी के चलते संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ जाता है। इसे देखते हुए निगम प्रशासन को पहले से पूरी तैयारी करनी होगी।

शहर को 8 जोन में बांटकर होगी निगरानी

सफाई व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने नगर निगम ने शहर को 8 जोन में विभाजित करने का निर्णय लिया है। प्रत्येक जोन में अलग-अलग जिम्मेदारियां तय की जाएंगी तथा संबंधित पार्षद सफाई व्यवस्था की मॉनिटरिंग करेंगे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि हर जोन में नियमित निरीक्षण किया जाए और सफाई कार्य की प्रतिदिन रिपोर्ट तैयार कर प्रस्तुत की जाए। जिन क्षेत्रों से अधिक शिकायतें प्राप्त हो रही हैं, वहां विशेष अभियान चलाकर तत्काल व्यवस्था सुधारने के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने बताया कि सुपरवाइजर सुबह 6 बजे से दोपहर 2 बजे तक अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर सफाई कार्यों की निगरानी करेंगे।

कचरा उठाव और फॉगिंग अभियान पर जोर

महापौर ने डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण व्यवस्था को भी प्रभावी बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि शहर में कहीं भी कचरे का ढेर दिखाई नहीं देना चाहिए। सफाई कर्मचारियों की उपस्थिति और कार्यप्रणाली पर लगातार निगरानी रखी जाए। निगम के स्वास्थ्य विभाग को निर्देशित किया गया कि सभी वार्डों में नियमित रूप से फॉगिंग, ब्लीचिंग पाउडर का छिड़काव तथा सफाई अभियान चलाया जाए, ताकि बारिश के मौसम में फैलने वाली बीमारियों पर नियंत्रण रखा जा सके।

नागरिकों से सहयोग की अपील

महापौर रामू रोहरा ने शहरवासियों से भी सफाई व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की। उन्होंने कहा कि नागरिक घरों और दुकानों का कचरा नालियों या सड़कों पर न फेंके। स्वच्छ शहर बनाने में प्रशासन के साथ आम जनता की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। निगम का उद्देश्य केवल सफाई करना नहीं, बल्कि धमतरी को स्वच्छ, स्वस्थ और व्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story