कोरबा नगर निगम के ‘फेस ऑफ द मंथ’ बने सुभाष राठिया

WhatsApp Channel Join Now
कोरबा नगर निगम के ‘फेस ऑफ द मंथ’ बने सुभाष राठिया


कोरबा, 25 जुलाई (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा ने अपने उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जुलाई माह के लिए सुभाष राठिया, मनहरण नेताम और ओमप्रकाश मालिक को ‘फेस ऑफ द मंथ’ चुना है। महापौर संजूदेवी राजपूत और निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने तीनों कर्मचारियों को बधाई देते हुए उनके कार्य के प्रति समर्पण, निष्ठा और उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना की।

नगर निगम द्वारा करीब डेढ़ वर्ष पहले शुरू की गई ‘फेस ऑफ द मंथ’ पहल का उद्देश्य तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना, उनका उत्साहवर्धन करना और अन्य कर्मचारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना है। इसी क्रम में जुलाई माह के लिए इन तीन कर्मचारियों का चयन किया गया।

निगम प्रशासन का मानना है कि इस पहल से कर्मचारियों में बेहतर कार्य करने की सकारात्मक प्रतिस्पर्धा बढ़ी है। विशेष रूप से छोटे कर्मचारियों को अपने कार्य के लिए पहचान मिलने से उनका मनोबल बढ़ रहा है और वे अधिक जिम्मेदारी व समर्पण के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं।

सम्मानित कर्मचारियों सुभाष राठिया, मनहरण नेताम और ओमप्रकाश मालिक ने निगम प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके परिश्रम और कार्य के प्रति निष्ठा को मिली यह पहचान उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें भविष्य में और बेहतर कार्य करने तथा अपने कर्तव्यों का पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने के लिए प्रेरित करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

Share this story