मतांतरित महिला के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद, साहू समाज ने की बैठक

WhatsApp Channel Join Now
मतांतरित महिला के अंतिम संस्कार को लेकर गांव में विवाद, साहू समाज ने की बैठक


नवागांव में शव के अंतिम संस्कार पर ग्रामीणों का विरोध, धर्म में वापसी की मांग

धमतरी, 10 सितंबर (हि.स.)। धमतरी जिले के बोरई थाना क्षेत्र के ग्राम नवागांव में एक मतांतरित महिला की मृत्यु के बाद अंतिम संस्कार को लेकर विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। नवागांव निवासी पीयन बाई साहू (55) का बुधवार शाम निधन हो गया। बताया जा रहा है कि महिला ने कुछ समय पूर्व धर्म परिवर्तन किया था। इसके बाद उसके अंतिम संस्कार को लेकर साहू समाज और ग्राम व्यवस्था समिति की बैठक बुलाई गई, जिसमें करीब 100 ग्रामीण शामिल हुए।

बैठक में ग्राम समिति अध्यक्ष हेमराय साहू, सरपंच दिनेश्वरी नेताम और साहू समाज अध्यक्ष रविंद्र साहू सहित अन्य ग्रामीणों ने मृतका के भाई उमेश साहू और जयंत साहू की मौजूदगी में अंतिम संस्कार को लेकर चर्चा की। ग्रामीणों और समाज पदाधिकारियों ने मांग रखी कि मृतका के परिजन हिंदू धर्म और समाज में वापसी करें, इसके बाद ही अंतिम संस्कार की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाए। इस मांग को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। वहीं, ग्राम समिति और समाज के स्तर पर बातचीत के माध्यम से विवाद का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रशासन और पुलिस भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो और अंतिम संस्कार को लेकर सहमति बनाई जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story