नए निगम कार्यालय, वर्कशॉप, उद्यान और शेड निर्माण कार्य जल्द होंगे शुरू: महापौर

WhatsApp Channel Join Now
नए निगम कार्यालय, वर्कशॉप, उद्यान और शेड निर्माण कार्य जल्द होंगे शुरू: महापौर


नए निगम कार्यालय, वर्कशॉप, उद्यान और शेड निर्माण कार्य जल्द होंगे शुरू: महापौर


जगदलपुर, 03 जुलाई (हि.स.)। शहर में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नागरिक सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में नगर निगम ने नए विकास कार्यों की तैयारी शुरू कर दी है। महापौर संजय पांडे के मार्गदर्शन में पं. सुन्दरलाल शर्मा वार्ड में प्रस्तावित नए नगर निगम कार्यालय भवन, निगम के मोटर वाहनों के लिए आधुनिक वर्कशॉप, सार्वजनिक उद्यान तथा 25-25 लाख रुपये की लागत से दो शेड निर्माण के लिए शुक्रवार को स्थल निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान एमआईसी सदस्य योगेंद्र पांडे, नगर निगम आयुक्त प्रवीण कुमार वर्मा तथा संबंधित अधिकारियों ने प्रस्तावित परियोजनाओं के तकनीकी और राजस्व संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तृत चर्चा की। नए नगर निगम कार्यालय के लिए ऐसे स्थान के चयन पर विशेष जोर दिया गया, जहां भविष्य में नागरिकों को निगम की सभी सेवाएं एक ही परिसर में सहज रूप से उपलब्ध हो सकें। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित कार्यालय भवन बनने से प्रशासनिक कार्यों में गति और दक्षता आएगी तथा नागरिकों को बेहतर सेवाएं मिलेंगी।

नगर निगम के मोटर वाहनों के लिए प्रस्तावित आधुनिक वर्कशॉप को भी शहर की स्वच्छता व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण बताया गया। वर्तमान में कचरा संग्रहण और अन्य निगम वाहनों के रखरखाव में आने वाली समस्याओं को दूर करने के उद्देश्य से इस वर्कशॉप का निर्माण किया जाएगा। इसके बनने से वाहनों की समय पर मरम्मत और नियमित संधारण संभव होगा, जिससे स्वच्छता सहित अन्य नगर निगम सेवाएं बिना किसी बाधा के संचालित हो सकेंगी।

महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहरवासियों को अधिक से अधिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि नया कार्यालय भवन प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करेगा, आधुनिक वर्कशॉप से निगम के वाहनों का बेहतर रखरखाव सुनिश्चित होगा, सार्वजनिक उद्यान पर्यावरण संरक्षण के साथ नागरिकों को स्वस्थ वातावरण प्रदान करेगा तथा नए शेड सामाजिक और सामुदायिक गतिविधियों को बढ़ावा देंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर के प्रत्येक वार्ड में आवश्यकता के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रहा है।

निरीक्षण के दौरान, स्थानीय निवासी रामनरेश पांडे, मनीष मूलचंदानी, डी.के. पाराशर ,गौतम आचार्य,सोनू पांडे, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर प्रवीण पोयम, पटवारी सुरेश भदौरिया, राजस्व विभाग का अमला तथा उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story