भाजपा का संविधान गौरव दिवस मनाना राजनीतिक पाखंड : दीपक बैज

WhatsApp Channel Join Now
भाजपा का संविधान गौरव दिवस मनाना राजनीतिक पाखंड : दीपक बैज


- कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा पर संविधान बदलने की मंशा रखने का लगाया आरोप

रायपुर, 24 नवंबर (हि. स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भाजपा द्वारा 26 नवंबर को संविधान गौरव दिवस मनाए जाने को राजनीतिक पाखंड बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा का डीएनए संविधान विरोधी है और संविधान के प्रति सम्मान जताना उसकी राजनीतिक मजबूरी है।

बैज ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा ने 400 से अधिक सीटें मिलने पर संविधान बदलने की मंशा जाहिर की थी, लेकिन जनता ने भाजपा को 240 सीटों पर समेट दिया। संविधान बदलने की मंशा के कारण देशभर में भाजपा के खिलाफ माहौल बना, जिसके बाद अब पार्टी संविधान की पैरोकार बनने का दिखावा कर रही है।

बैज ने कहा कि, लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के कई नेताओं ने भी संविधान बदलने संबंधी बयान दिए थे। इनमें अनंत हेगड़े, लल्लू सिंह सहित अन्य नेताओं के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष ने केंद्र सरकार पर महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक असमानता बढ़ाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि देश के सार्वजनिक संसाधन पूंजीपतियों को सौंपे जा रहे हैं तथा ईडी, आयकर विभाग और सीबीआई जैसी जांच एजेंसियों का इस्तेमाल विपक्षी नेताओं को निशाना बनाने के लिए किया जा रहा है।

बैज ने कहा कि कांग्रेस ने महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश की आजादी की लड़ाई लड़ी। पंडित जवाहरलाल नेहरू ने लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजबूत किया और डॉ. भीमराव अंबेडकर के प्रयासों से देश को संविधान मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा को संविधान गौरव दिवस मनाने के बजाय संविधान के मूल मूल्यों और लोकतांत्रिक परंपराओं के प्रति अपनी प्रतिबद्धता साबित करनी चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story