अम्बिकापुर : बस की टक्कर से माेटरसाइकिल सवार प्रधान आरक्षक की मौत

WhatsApp Channel Join Now
अम्बिकापुर : बस की टक्कर से माेटरसाइकिल सवार प्रधान आरक्षक की मौत


अम्बिकापुर : बस की टक्कर से माेटरसाइकिल सवार प्रधान आरक्षक की मौत


अम्बिकापुर, 08 जुलाई (हि.स.)। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा सामने आया है, जहां अम्बिकापुर-रायगढ़ नेशनल हाईवे-43 पर लुचकी घाट के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित बस ने बीती रात मोटरसाइकिल सवार प्रधान आरक्षक को कुचल दिया। इस भीषण टक्कर में पुलिसकर्मी की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

मृतक की पहचान 53 वर्षीय श्रीराम लकड़ा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बतौली थाना क्षेत्र के ग्राम गोदा मानापारा के निवासी थे और वर्तमान में अम्बिकापुर पुलिस लाइन में तैनात होकर गांधीनगर स्थित पुलिस कॉलोनी में रह रहे थे। मंगलवार सुबह करीब 10:30 बजे वह अपनी ड्यूटी के लिए घर से निकले थे।

बीती रात करीब 9 बजे लुचकी घाट के पास राजधानी बस (सीजी 15 ए- 5316) ने उनकी माेटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया। इस बीच, घर पर उनका इंतजार कर रही पत्नी ने रात करीब 11 बजे उनके मोबाइल पर फोन भी किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। ड्यूटी की व्यस्तता समझकर पत्नी सो गई, मगर सुबह जब पुलिस कॉलोनी के ही साथी कर्मचारियों ने घर आकर श्रीराम लकड़ा की मौत की खबर दी, तो परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचकर पति के शव को देख पत्नी सदमे में आ गई और पूरे परिवार में मातम पसर गया।

फिलहाल, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में जुटी है कि प्रधान आरक्षक ड्यूटी के बाद लुचकी घाट की तरफ कैसे पहुंचे थे। आशंका जताई जा रही है कि वे अपने गृहग्राम बतौली गए थे और वहां से लौटते समय इस हादसे का शिकार हो गए। अम्बिकापुर कोतवाली पुलिस ने दुर्घटनाकारित राजधानी बस को जब्त कर लिया है और फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। बुधवार की सुबह मेडिकल कॉलेज अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पारस नाथ सिंह

Share this story