बलरामपुर : राजपुर थाना परिसर में आरक्षक की मौत, कमरे में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

WhatsApp Channel Join Now
बलरामपुर : राजपुर थाना परिसर में आरक्षक की मौत, कमरे में मिला शव; पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा


बलरामपुर, 27 जून (हि.स.)। बलरामपुर जिले के राजपुर थाना परिसर में शनिवार सुबह एक आरक्षक अपने आवासीय कमरे में मृत अवस्था में मिले। ड्यूटी पर निर्धारित समय तक नहीं पहुंचने और काफी देर तक कमरे से बाहर नहीं आने पर साथी पुलिसकर्मियों ने उनकी तलाश की। कमरे में पहुंचने पर आरक्षक अचेत अवस्था में पड़ा मिला। चिकित्सकीय जांच में उनकी मौत की पुष्टि हुई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद वे भी राजपुर थाना पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा एवं अन्य कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस के अनुसार फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

बताया जा रहा है कि आरक्षक कुछ माह पूर्व पीलिया से पीड़ित थे और उपचार के बाद स्वस्थ होकर दोबारा ड्यूटी पर लौट आए थे। हालांकि, उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगा।

राजपुर थाना प्रभारी टीआई भारद्वाज सिंह ने बताया कि, आरक्षक जुगन साय पैकरा शारीरिक रूप से कमजोर था। बीते दिनों पीलियाे का इलाज करवाया था। राजपुर थाने में वर्ष 2024 से पदस्थ था। फिलहाल मर्ग कायम कर लिया गया है। शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विष्णु पांडेय

Share this story