‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ से मिल रही त्वरित राहत, आयुक्त ने विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण
कोरबा, 23 जून (हि. स.)। नगर पालिक निगम कोरबा द्वारा संचालित अभिनव पहल ‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ और ‘महापौर की पाती’ आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बनकर उभरी हैं। इन योजनाओं के माध्यम से प्राप्त शिकायतों के निराकरण की वास्तविक स्थिति जानने के लिए निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने मंगलवार को शहर के विभिन्न क्षेत्रों का व्यापक स्पॉट निरीक्षण किया और अधिकारियों को लंबित शिकायतों का समयबद्ध एवं संतोषजनक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
आयुक्त पाण्डेय ने निरीक्षण के दौरान एक दर्जन से अधिक स्थानों का दौरा कर सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, अतिक्रमण एवं अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों के निराकरण की जमीनी स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त सभी शिकायतों का निर्धारित समय सीमा में शत-प्रतिशत समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा इसकी रिपोर्ट भी प्रस्तुत की जाए।
नगर निगम कोरबा की ओर से महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पाण्डेय के मार्गदर्शन में संचालित ‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ और ‘महापौर की पाती’ योजनाएं आम जनता को सीधे प्रशासन से जोड़ रही हैं। इन योजनाओं के तहत प्राप्त सरल शिकायतों का निराकरण 24 घंटे के भीतर किया जा रहा है, जबकि प्रक्रियागत समय लेने वाली समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर कार्यप्रक्रिया में शामिल किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने परसाभांठा साप्ताहिक बाजार, बालको सेक्टर-5 शॉपिंग सेंटर, वार्ड क्रमांक 16 पम्प हाउस, रिसदी रोड, बुधवारी बस्ती, सीतामणी गौमाता चौक, साकेत नगर, लालूराम कॉलोनी, खरमोरा इंडस्ट्रियल एरिया, टीपी नगर, मुड़ापार पीएम आवास, शिवाजी नगर तथा निहारिका क्षेत्र सहित कई स्थानों का दौरा किया। यहां उन्होंने शिकायतों के निराकरण की प्रगति का अवलोकन किया और लंबित मामलों के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए।
नगर निगम की ‘कनेक्ट टू कमिश्नर’ योजना के तहत जारी मोबाइल नंबर 94060-04300 सीधे आयुक्त के व्हाट्सएप से जुड़ा हुआ है। इसके माध्यम से नागरिक सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, साफ-सफाई, अतिक्रमण, अवैध कब्जा और अन्य नागरिक सुविधाओं से संबंधित शिकायतें एवं सुझाव सीधे प्रशासन तक पहुंचा सकते हैं। इस पहल के कारण शिकायतों पर त्वरित कार्रवाई संभव हो रही है और लोगों को तत्काल राहत मिल रही है।
वहीं ‘महापौर की पाती’ योजना के तहत पेयजल, स्ट्रीट लाइट और साफ-सफाई से संबंधित शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए निगम मुख्यालय साकेत भवन के प्रवेश द्वार पर तीन रंगों के लेटर बॉक्स लगाए गए हैं। लाल बॉक्स स्ट्रीट लाइट, हरा बॉक्स साफ-सफाई और नीला बॉक्स पेयजल संबंधी शिकायतों के लिए निर्धारित है।
इन बॉक्सों में प्राप्त शिकायतों पर निगम प्रशासन 24 घंटे के भीतर कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित कर रहा है।
नगर निगम की इन दोनों जनहितैषी योजनाओं का लाभ सीधे शहरवासियों को मिल रहा है। शिकायतों के त्वरित समाधान से नागरिकों का भरोसा प्रशासन पर बढ़ा है और शहर में बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / हरीश तिवारी

