‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने 16 बसों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना

WhatsApp Channel Join Now
‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने 16 बसों से कांग्रेस कार्यकर्ता दिल्ली रवाना


रायपुर, 30 अक्टूबर (हि.स.)। कांग्रेस की एक नवंबर को आयोजित ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ रैली में शामिल होने 16 बसों में सवार होकर कांग्रेस कार्यकर्ता आज शुक्रवार काे दिल्ली रवाना हुए। छत्तीसगढ़ कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने हरी झंडी दिखाकर बसों को रवाना किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं के दिल्ली रवाना करने के बाद दीपक बैज ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए सरकार से चक्रवात ‘अर्नब’ से प्रभावित किसानों का कर्ज माफ करने की मांग की। उन्होंने कहा कि बारिश से बस्तर समेत प्रदेश में फसलें तबाह हुई हैं, किसान चिंतित हैं, ऊपर से पटवारियों की हड़ताल चल रही है। ऐसे में फसल सर्वे कौन करेगा? सरकार तत्काल पटवारियों से बात करे। बीमा कंपनियों को तत्काल सर्वे और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दे। प्रभावित किसानों को जल्द बीमा राशि का भुगतान होना चाहिए।

वहीं जेपी नड्डा की पदयात्रा पर दीपक बैज ने कहा कि लोकतंत्र बचाना है तो पहले ज्ञानेश कुमार को हटाइए। सरकार वोट चोरी और एसआईआर के नाम पर वोट काटना बंद करे। बैलेट पेपर से चुनाव हुआ तो मोदी अपनी सीट नहीं बचा पाए। लोकतंत्र बचाने की बात करने से पहले भाजपा चुनाव प्रक्रिया पर सवालों का जवाब दे।

116 जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा में कटौती पर दीपक बैज ने सरकार से सवाल किया कि नक्सलवाद खत्म होने का दावा कर जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा घटाई जा रही है, लेकिन क्या पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह की एनएसजी सुरक्षा भी हटाने की सिफारिश हुई? बस्तर के नेताओंं को मिली सीआरपीएफ सुरक्षा पर भी सरकार स्थिति स्पष्ट करे। सुरक्षा हटानी है तो सभी की हटनी चाहिए। गृहमंत्री बताएं, क्या पूर्व मुख्यमंत्री और अन्य नेताओं की सुरक्षा भी हटेगी?

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769668 Articles

Share this story