कांग्रेस ने जनजातीय समाज को केवल वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया : मुख्यमंत्री साय

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने जनजातीय समाज को केवल वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया : मुख्यमंत्री साय


रायपुर, 15 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय गौरव दिवस को लेकर मुख्यमंत्री साय ने कांग्रेस पर पलटवार करते हुए कहा कि आजादी के 79 साल में लंबे समय तक कांग्रेस की सरकार केंद्र और राज्यों में रही है। उन्होंने हमेशा जनजातीय समाज को वोटबैंक के रूप में इस्तेमाल किया है।

रायगढ़ दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने रविवार काे रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने वास्तिवक तौर पर जनजातीय समाज के समुचित विकास के लिए चिंतन किया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने जनजातीय कार्य मंत्रालय का गठन किया था। जनजातीय समाज के विकास के लिए धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान की शुरुआत हुई है, जिसमें प्रदेश के 6 हजार 691 गांव शामिल है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने विशेष रूप से पिछड़ी जनजातियों के लिए पीएम जनमन योजना की शुरुआत की है। छत्तीसगढ़ में ऐसी पांच जाति हैं, जिनकी आबादी मात्र 3 लाख 20 हजार है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को उनके बसाहट में जाकर देखें कि जनजातीय समाज के लिए कितना अच्छा कार्य हो रहा है। उनके घर का निर्माण, सौर ऊर्जा से बिजली, घरों में पानी व्यवस्था और राशन कार्ड बनाने का काण हो रहा है।

जनजातीय गौरव दिवस समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री

रायगढ़ दौरे पर रवाना होने से पहले मुख्यमंत्री साय ने रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से चर्चा की। इस दौरान उनके साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े भी मौजूद रहीं। मुख्यमंत्री साय ने प्रदेशवासियों को भगवान बिरसा मुंडा जयंती की शुभकामानएं दी। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाया जा रहा है। यह सौभाग्य की बात है कि इस अवसर पर आयोजित समारोह में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन भी शामिल होने के लिए छत्तीसगढ़ आ रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777407 Articles

Share this story