धरती आबा बिरसा मुंडा को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि

WhatsApp Channel Join Now
धरती आबा बिरसा मुंडा को कांग्रेसजनों ने दी श्रद्धांजलि


धमतरी, 09 जून (हि.स.)।धमतरी जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में मंगलवार को आदिवासी जननायक, महान स्वतंत्रता सेनानी और धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। कार्यक्रम का आयोजन आदिवासी कांग्रेस के जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी के नेतृत्व में किया गया, जिसमें कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भगवान बिरसा मुंडा के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।

सभा को संबोधित करते हुए महिला कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष संगीता सिन्हा ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अल्पायु में ही अंग्रेजी शासन, शोषण और अन्याय के खिलाफ ऐतिहासिक संघर्ष का नेतृत्व किया। उन्होंने आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया। उनका उलगुलान केवल एक विद्रोह नहीं, बल्कि स्वाभिमान, अधिकार और सामाजिक न्याय की लड़ाई का प्रतीक था।

उन्होंने कहा कि बिरसा मुंडा के विचार आज भी समाज को समानता, न्याय और आत्मसम्मान की राह दिखाते हैं। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर, विधायक अंबिका मरकाम और विधायक ओंकार साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा केवल स्वतंत्रता संग्राम के महानायक ही नहीं, बल्कि एक प्रभावशाली समाज सुधारक भी थे। उन्होंने समाज में व्याप्त कुरीतियों, अंधविश्वास और नशाखोरी के खिलाफ जनजागरण चलाकर सामाजिक चेतना का नया अध्याय लिखा। नेताओं ने उपस्थित कार्यकर्ताओं से भगवान बिरसा मुंडा के सत्य, स्वाभिमान, संघर्ष और जनसेवा के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने तथा समाज के अंतिम व्यक्ति तक न्याय और अधिकार पहुंचाने के लिए कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story