कांग्रेस ने एसएलआरएम सेंटर हटाने भंगाराम चौक में किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने एसएलआरएम सेंटर हटाने भंगाराम चौक में किया चक्काजाम


जगदलपुर, 13 नवंबर (हि.स.)। निगम क्षेत्र अंतर्गत भंगाराम चौक के पास सिविल लाइन वार्ड में संचालित एसएलआरएम सेंटर से फैल रही बदबू और अव्यवस्थाओं को लेकर वार्डवासियों द्वारा शिकायत और आवेदन देने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस पदाधिकारियों और पार्षद दल ने आज शुक्रवार काे भंगाराम चौक में चक्काजाम कर दिया। इस माैके पर बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर के अध्यक्ष सुशील मौर्य, वार्ड पार्षद संध्या महंती मरकाम एवं बड़ी संख्या में स्थानीय वार्डवासी उपस्थित रहे।

वार्ड पार्षद संध्या महंती मरकाम ने कहा कि सिविल लाइन वार्ड क्रमांक 07 के नागरिक लंबे समय से एसएलआरएम सेंटर से उत्पन्न समस्याओं को झेल रहे हैं। इस संबंध में 29 जुलाई 2026 को ही वार्डवासियों की ओर से नगर निगम आयुक्त को विधिवत लिखित आवेदन सौंपकर पूरे मामले से अवगत कराया गया था। आवेदन में सेंटर से निकलने वाली दुर्गंध, गंदगी, मक्खियों और मच्छरों के प्रकोप तथा आस-पास रहने वाले नागरिकों को हो रही परेशानियों का विस्तार से उल्लेख किया गया था। इसके बावजूद शिकायत के बाद कई महीने बीत जाने पर भी निगम प्रशासन की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। ऐसा प्रतीत होता है कि महापौर और निगम के जिम्मेदार अधिकारियों ने वार्डवासियों की समस्याओं को गंभीरता से लेना ही बंद कर दिया है।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने इसे निगम प्रशासन की नाकामी बताते हुए शहर के बीच संचालित कचरा सेंटरों को दूसरी जगह शिफ्ट करने की मांग की। सुशील मौर्य ने चेतावनी दी कि शहर के रेलवे कॉलोनी, धरमपुरा और नया मुंडा सहित अन्य इलाकों में संचालित कचरा सेंटरों को भी आबादी से दूर स्थापित किया जाना चाहिए, वरना आंदोलन और तेज होगा। वहीं नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कचरा सेंटर के साथ वार्ड में पेयजल, राशन और पेंशन जैसी बुनियादी समस्याओं को लेकर भी सवाल उठाए। कांग्रेस का आरोप है कि कचरा सेंटर से निकलने वाली बदबू का असर आस-पास रहने वाले लोगों और आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले छोटे बच्चों पर पड़ रहा है। कई बार निगम, महापौर और कलेक्टर तक शिकायत पहुंचाने के बावजूद कार्रवाई नहीं हुई।

इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, नगर निगम उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, जाहिद हुसैन, सुषमा सुता, सुनीता सिंह कोषाध्यक्ष रविशंकर तिवारी, यूंका अध्यक्ष निकेत राज झा, पार्षद सुशिला बघेल, शुभम यदू, ललिता राव, आभाष महंती, राकेश मौर, रामकृष्ण तिवारी, रामशंकर पिल्लै लव मिश्रा, विक्रांत सिंह, इन्दर झज्ज, मोहसिन खान, हेमंत, शंकर सेन, महबूब खान आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776518 Articles

Share this story