निगम महापौर की अनुपस्थिति व बढ़ती महामारी के विरोध में कांग्रेस ने किया चक्काजाम

WhatsApp Channel Join Now
निगम महापौर की अनुपस्थिति व बढ़ती महामारी के विरोध में कांग्रेस ने किया चक्काजाम


जगदलपुर, 24 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष के नेतृत्व व नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी की उपस्थिति में आज साेमवार काे कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन व चक्काजाम किया।

नगर निगम की भाजपा सरकार की प्रशासनिक संवेदनहीनता व महापौर की निष्क्रिय व सुस्त रवैये के कारण दवाईयों का छिड़काव नही होने व दूषित पानी के चलते बढ़ती महामारी (मलेरिया/पीलिया)के विरोध में नगर निगम के समक्ष कांग्रेस पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन किया। साथ ही मलेरिया-पीलिया के बढ़ते प्रकोप के बीच फॉगिंग,दवाई छिड़काव और स्वच्छ पेयजल की मांग को लेकर निगम आयुक्त को ज्ञापन सौंपा गया।

शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील मौर्य ने कहा कि जब शहर की जनता बीमारी की आग में झुलस रही है, तब महापौर का दिल्ली और उत्तरप्रदेश की यात्रा पर जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। जनता को जवाब चाहिए कि स्वास्थ्य संकट के समय जिम्मेदार सांसद, विधायक सहित तमाम जनप्रतिनिधि कहां हैं?”जनप्रतिनिधियों की पहली प्राथमिकता जनता की समस्याओं और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा होनी चाहिए। जब शहर में मलेरिया, पीलिया और जलजनित बीमारियों का खतरा लगातार बढ़ रहा हो, ऐसे समय में नगर निगम प्रशासन को युद्धस्तर पर स्वास्थ्य एवं स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करनी चाहिए। किंतु दुर्भाग्य है कि महापौर संजय पांडे व शहर के सांसद विधायक व तमाम नेतागण आज नदारद हैं। नगर निगम प्रशासन की सुस्ती और संवेदनहीनता के कारण आज घर-घर में मरीज पड़े हुए हैं।

नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा,जब-जब शहर पर विपत्ति आती है, भाजपा के तमाम नेता जनता के बीच रहने के बजाय शहर से बाहर जाने का काम करते हैं। नगर निगम को तत्काल दवाईयों का छिड़काव, फॉगिंग और स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए। नगर निगम प्रशासन की लापरवाही के कारण कई क्षेत्रों में बीमारी फैलने का खतरा बढ़ रहा है।

उन्होंने मांग की कि संवेदनशील क्षेत्रों को चिन्हित कर तत्काल फॉगिंग एवं दवाईयों का छिड़काव कराया जाए तथा दूषित पानी की समस्या का तत्काल निराकरण किया जाए। स्वास्थ्य संकट को लेकर प्रशासन की उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। प्रशासन को जनता की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्रभावी कदम उठाने चाहिए। अन्यथा कांग्रेस पार्टी और भी उग्र प्रदर्शन हेतु बाध्य होगी।

इस दौरान प्रदेश सचिव उदयनाथ जेम्स, विक्रम सिंह डांगी,पूर्व महापौर जतिन जायसवाल,पूर्व सभापति कविता साहू,उपनेता कोमल प्रतिपक्ष सेना, ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव,सूर्यापानी,जिला उपाध्यक्ष अतिरिक्त शुक्ला, वीरेंद्र परिहार, महिला कांग्रेस अध्यक्ष लता निषाद,महामंत्री जाहिद हुसैन,अल्ताफ उल्ला खान,प्रशांत जैन,गौरी,इंदर झज्ज,वैभव नेताम,शेख अयाज,साहिल हियाल,समीर खान,शुभम आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story