कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौपा

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौपा


कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में कांग्रेसियों ने किया प्रदर्शन, ज्ञापन सौपा


रायपुर, 23 जुलाई (हि.स.)। राजधानी रायपुर में भाजपा के कांग्रेस कार्यालय घेराव के दौरान हुए विवाद को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर के विरोध में आज गुरुवार काे बड़ी संख्या में कांग्रेसी खम्हारडीह थाना पहुंचे और थाने के बाहर धरने पर बैठे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता केंद्र और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।

धरने में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष दीपक बैज भी पहुंचे। कांग्रेस नेताओं ने पुलिस से कांग्रेस कार्यकर्ताओं के खिलाफ दर्ज एफआईआर वापस लेने की मांग की है। साथ ही भाजपा नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ भी एफआईआर दर्ज करने की मांग की ।

कांग्रेसियों का आरोप है कि कार्रवाई एकतरफा की गई है। प्रदर्शनकारियों ने मांग की है कि पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कराई जाए और कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर दर्ज एफआईआर वापस ली जाए। वहीं, कांग्रेस की ओर से प्रदर्शन में शामिल भाजपा नेताओं और मंत्रियों के खिलाफ भी मामला दर्ज करने की मांग की। थाने के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नारेबाजी और प्रदर्शन के चलते मौके पर पुलिस बल भी तैनात किया गया है।

खम्हारडीह थाना प्रभारी को सौंपे गए ज्ञापन में कांग्रेस ने कहा है कि, हम कांग्रेस कार्यकर्ता 22 जुलाई को दोपहर लगभग 2 बजे रोज की तरह अपने कार्यालय में संगठन के कार्य में व्यस्त थे, तभी अचानक माईक के माध्यम से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज सुनाई देने लगा। हम सभी लोग जब बाहर गए तो हमने देखा कि बाहर सड़क पर बैरिकैड किया हुआ है, जहां पर भाजपा एवं भाजयुमो के कार्यकर्ता अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए राजीव भवन की ओर इशारा करते हुए और जोर-जोर से अश्लील गालियां देने लगे, फिर अचानक से उधर से छाता, चप्पल, पत्थर, पानी पाउच, पानी बोतल हम लोगों के उपर फेकने लगे, जिसके कारण हमारे बहुत से कार्यकर्ता घायल हो गए।

ज्ञापन में आगे कहा गया है कि, कई लोगों के हाथ, पैर में चोट आई है। भारतीय जनता पार्टी के लोग लगातार राजीव भवन की ओर पत्थर फेंक रहे थे। उसके बाद हमने देखा कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बैरिकैड तोड़कर पुलिस वालों पर भी फेंके, जिससे पुलिसवालों को भी चोटें आई है। साथ ही कुछ भाजपाइयों ने पुलिसवालों से जबरन लाठियां छीनकर तथा पुलिसवालों को शारीरिक क्षति पहुंचाकर लाठी हाथ में लेकर राजीव भवन की तरफ बढ़ने लगे।

ज्ञापन में यह भी कहा गया है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ता घटना स्थल पर मौजूद थे और उक्त नेताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं को राजीव भवन में हमला करने, पत्थरबाजी करने और गाली-गलौच करने तथा क्षति पहुंचाने के लिए उकसा रहे थे, जिसके कारण भाजपा कार्यकर्ता राजीव भवन में पत्थरबाजी, पानी बोतल आदि को फेंककर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्षति पहुंचाने के नियत से बलवा कर रहे थे। उक्त घटना की फुटेज शंकर नगर चौक में लगे सीसीटीवी/ राडार में देखा जा सकता है। राजीव भवन में उपस्थित लोगों को क्षतिग्रस्त करने की नियत से एकराय होकर आपराधिक घटना को अंजाम दिया गया, इसलिए भाजपा के विधायक, मंत्री एवं भाजपा नेताओं के विरूध्द अपराध पंजीबध्द किया जाए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

Share this story