जगदलपुर में छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर कांग्रेस बैठी दो दिवसीय भूख हड़ताल पर
जगदलपुर, 24 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली के जंतर-मंतर से उठी छात्र आंदोलन की आवाज अब बस्तर तक पहुंच गई है। जगदलपुर के एसबीआई चौक पर शुक्रवार से कांग्रेस पार्षद और पूर्व छात्र नेता अपने समर्थकों के साथ दो दिवसीय भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
प्रदर्शनकारियों ने छात्र हितों से जुड़े मुद्दों को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ विरोध जताया। प्रदर्शनकारियों ने स्पष्ट किया कि प्रशासन की कार्रवाई से उनका आंदोलन कमजोर नहीं होगा। उन्होंने कहा कि यदि उनकी मांगों पर जल्द ध्यान नहीं दिया गया तो दो दिवसीय भूख हड़ताल को अनिश्चितकालीन आंदोलन में बदला जा सकता है।
नगर निगम पार्षद लोकेश चौधरी और युवा कांग्रेस नेता अंकित सिंह ने दिल्ली में छात्रों पर हुए कथित लाठीचार्ज की निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग दोहराई। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नीट परीक्षा में सामने आई कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है।
भूख हड़ताल पर बैठे नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और छात्रों पर बढ़ते मानसिक दबाव के कारण कई विद्यार्थी आत्महत्या जैसे गंभीर कदम उठाने को मजबूर हुए हैं। उन्होंने इन घटनाओं को राष्ट्रीय चिंता का विषय बताते हुए सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन पर आंदोलन को रोकने का प्रयास करने का आरोप भी लगाया। उनका कहना है कि पहले प्रदर्शन स्थल से टेंट हटाया गया और अब आंदोलन स्थल खाली कराने का प्रयास किया जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

