सीजीएमएससी में डॉक्टर की जीएम पद नियुक्ति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, दीपक बैज बोले-कमीशन का खेल तो नहीं?

WhatsApp Channel Join Now
सीजीएमएससी में डॉक्टर की जीएम पद नियुक्ति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, दीपक बैज बोले-कमीशन का खेल तो नहीं?


- नियुक्ति आदेश, फाइल नोटिंग और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग

रायपुर, 20 नवंबर (हि. स.) । छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (सीजीएमएससी) में डॉ. जितेंद्र ताम्रकार को महाप्रबंधक (जीएम) के पद पर प्रतिनियुक्ति दिए जाने को लेकर प्रदेश कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने नियुक्ति पर आपत्ति जताते हुए पूछा कि, निजी अस्पताल संचालन के आरोपों से घिरे डॉक्टर को दवा निगम की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी कैसे सौंप दी गई? उन्होंने इसे ‘थैला पहुंच सेवा या कमीशन का खेल’ होने की आशंका जताई।

दीपक बैज ने कहा कि, विभागीय नियमों और राज्य सरकार के आदेशों में डॉक्टरों को प्रतिनियुक्ति पर नहीं भेजने का प्रावधान होने के बावजूद डॉ. ताम्रकार को प्रशासनिक पद पर जिम्मेदारी देना संदेह पैदा करता है। उन्होंने आरोप लगाया कि छुईखदान में निजी अस्पताल संचालन और वहां एक महिला की मौत का मामला कांग्रेस विधायक यशोदा नीलांबर वर्मा ने पिछले वर्ष विधानसभा में उठाया था। उस समय मंत्री ने कार्रवाई प्रक्रियाधीन होने की बात कही थी।

बैज ने आरोप लगाया कि, पिछले ढाई वर्षों में ब्लैकलिस्टेड कंपनियों से दवा खरीद और घटिया दवाओं की आपूर्ति के कई मामले सामने आए, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। छत्तीसगढ़ फार्मेसी काउंसिल में नियुक्तियों और कथित वसूली नेटवर्क को लेकर भी उन्होंने सरकार को घेरा।

उन्होंने कहा कि, दवा खरीद और नियामक संस्थाओं में अनियमितताओं का सीधा असर गरीब, मजदूर, किसान और आम मरीजों के स्वास्थ्य पर पड़ता है। सरकारी अस्पतालों की दवाओं की गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने सरकार से जीएम की नियुक्ति का आदेश, संबंधित फाइल नोटिंग और जांच रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग की। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था जनता की जीवनरेखा है और इसमें पारदर्शिता तथा जवाबदेही सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

780636 Articles

Share this story