वनवासी शब्द के विरोध में आदिवासी कांग्रेस का प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
वनवासी शब्द के विरोध में आदिवासी कांग्रेस का प्रदर्शन


धमतरी, 28 मई (हि.स.)। आदिवासी समाज को वनवासी कहे जाने के विरोध में जिला आदिवासी कांग्रेस ने गुरुवार को गांधी मैदान धमतरी में विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का पुतला दहन किया।इस दौरान मौके पर तैनात पुलिस बल के साथ कार्यकर्ताओं की झूमाझटकी भी हुई।

आदिवासी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष मनोज साक्षी ने कहा कि आदिवासी समाज देश के मूल निवासी हैं और जल, जंगल और जमीन के वास्तविक संरक्षक हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी समाज की संवैधानिक एवं ऐतिहासिक पहचान को कमजोर करने का प्रयास किया जा रहा है।

पूर्व महापौर विजय देवांगन ने कहा कि आदिवासी समाज की पहचान और परंपराओं का सम्मान किया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार आदिवासी समाज से जुड़े मूल मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि वनवासी शब्द आदिवासी समाज की अस्मिता और इतिहास का अपमान है।

उन्होंने केंद्र सरकार से इस प्रकार की टिप्पणी पर माफी मांगने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक सिहावा डा. लक्ष्मी ध्रुव, शरद लोहाना, आनंद पवार, योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, खिलेंद्र ध्रुव, दीपक सोनकर, आशुतोष खरे, नरेंद्र सोनवानी, गीत राम सिन्हा, प्रवीण साहू, अरविंद यादव, धर्मेंद्र पटेल सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story