वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेरकर की कार्रवाई की मांग

WhatsApp Channel Join Now
वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेरकर की कार्रवाई की मांग


वोट चोरी के आरोपों को लेकर कांग्रेस का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट घेरकर की कार्रवाई की मांग


पीएम, गृहमंत्री और मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला फूंका; केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ की नारेबाजी

धमतरी, 28 सितंबर (हि.स.)। कथित ‘वोट चोरी’ और मतदाता सूची में अनियमितताओं के आरोपों को लेकर सोमवार को जिला कांग्रेस कमेटी के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने धमतरी में प्रदर्शन किया।

जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनपद चौक के पास एकत्रित हुए और केंद्र सरकार तथा निर्वाचन आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधियों का पुतला फूंका। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने रैली के रूप में कलेक्ट्रेट पहुंचकर घेराव किया और मुख्य निर्वाचन आयुक्त के खिलाफ कार्रवाई तथा गिरफ्तारी की मांग की। प्रदर्शन को देखते हुए जनपद चौक से कलेक्ट्रेट तक पुलिस बल तैनात किया गया था। पुतला दहन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच पुतला छीनने को लेकर कुछ देर नोकझोंक और झूमाझटकी की स्थिति बनी, हालांकि कांग्रेस कार्यकर्ता पुतला जलाने में सफल रहे। इसके बाद कार्यकर्ता कलेक्ट्रेट पहुंचे और बैरिकेड्स के सामने बैठकर नारेबाजी करते हुए अपना विरोध दर्ज कराया।

जिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था की स्वतंत्रता को प्रभावित कर रही है। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए तथा मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को पद से हटाकर उनके खिलाफ कार्रवाई की जानी चाहिए। विधायक ओंकार साहू सहित अन्य नेताओं ने कहा कि संविधान ने प्रत्येक नागरिक को मतदान का अधिकार दिया है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता तथा मतदाता के अधिकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करना जरूरी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले की निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर कांग्रेस देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन कर रही है और उनके इस्तीफे या कार्रवाई की मांग उठा रही है। प्रदर्शन में पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिला अध्यक्ष मोहन लालवानी, पूर्व जिला अध्यक्ष शरद लोहाना, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व दुग्ध महासंघ अध्यक्ष विपिन साहू, जिला संगठन महामंत्री अरविंद दोषी, जिला पंचायत सदस्य नीलम चंद्राकर, कविता बाबर, पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार, पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष तपन चंद्राकर, ब्लॉक अध्यक्ष योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, महिमा शुक्ला, नगर निगम नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, नगर पंचायत भखारा नेता प्रतिपक्ष अविनाश गौर, पार्षद सुमन मेश्राम, रामेश्वरी कोसरे, पूर्व जनपद अध्यक्ष गुंजा साहू, योगेश बाबर, अमरदीप साहू, करण चंद्राकर, महिला कांग्रेस जिला अध्यक्ष अंबिका सिन्हा, शास्त्री सोनवानी, सेवादल जिला अध्यक्ष होरीलाल साहू, आदिवासी कांग्रेस जिला अध्यक्ष मनोज साक्षी, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष हरनारायण साहू, मजदूर कांग्रेस जिला अध्यक्ष अविनाश मारोठे, अल्पसंख्यक कांग्रेस जिला अध्यक्ष शरीफ रोकडिया सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story