छात्र हित के मुद्दे पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, केंद्र सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now
छात्र हित के मुद्दे पर कांग्रेस का धरना प्रदर्शन, केंद्र सरकार को घेरा


धमतरी, 23 जुलाई (हि.स.)। छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर कांग्रेस ने गुरुवार को शहर के गांधी मैदान में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने परीक्षा संबंधी अनियमितताओं, छात्रों के भविष्य और विपक्षी नेताओं पर हुई कार्रवाई को लेकर केंद्र सरकार को घेरते हुए विभिन्न मांगें उठाई।

ब्लाक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष द्वय योगेश शर्मा और गौतम वाधवानी के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित धरना प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे, परीक्षा में अनियमितताओं पर संसद में चर्चा कराने और विरोध प्रदर्शनों के दौरान छात्रों व प्रदर्शनकारियों पर दर्ज मामलों को वापस लेने की मांग उठाई। पूर्व विधायक गुरुमुख सिंह होरा ने कहा कि युवाओं के भविष्य और रोजगार से जुड़े सवालों को नजरअंदाज किया जा रहा है। छात्रों की आवाज उठाने वालों पर कार्रवाई लोकतांत्रिक मूल्यों के विपरीत है।

पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार युवाओं से जुड़े मुद्दों पर जवाब देने के बजाय विपक्षी नेताओं पर कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा छात्रों और युवाओं के अधिकारों की आवाज उठाने पर उन्हें दबाने का प्रयास किया जा रहा है। पूर्व महापौर विजय देवांगन ने कहा कि देश का युवा बेरोजगारी और परीक्षा संबंधी अनियमितताओं से जूझ रहा है। राहुल गांधी युवाओं की आवाज उठाते हैं तो उन्हें गिरफ्तार कर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जाता है।

पूर्व पीसीसी सचिव आनंद पवार ने कहा कि छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाया नहीं जा सकता। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन ने कहा कि छात्रों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन का आंदोलन आगे भी जारी रहेगा। इस दौरान उपस्थित अन्य वक्ताओं ने भी छात्र हितों से जुड़े मुद्दों पर सरकार को घेरते हुए विभिन्न मांगों का समर्थन किया। इस प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष शरद लोहाना अरविंद दोषी, विक्रांत शर्मा, दीपक सोनकर, विशु देवांगन, गुरुगोपाल गोस्वामी, सलीम रोकड़िया, योगेश लाल, हरमिंदर छाबड़ा, गजानंद रजक, वातांजलि गोस्वामी सहित कांग्रेस के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story