नकटी में 85 घरों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम साय का पुतला दहन

WhatsApp Channel Join Now
नकटी में 85 घरों पर कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, सीएम साय का पुतला दहन


धमतरी, 04 जुलाई (हि.स.)। ग्राम नकटी में 85 मकानों को तोड़े जाने की कार्रवाई के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी ने शनिवार को जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में गांधी मैदान धमतरी में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का पुतला दहन किया।

कांग्रेस नेताओं ने कार्रवाई को अमानवीय और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए वर्षाकाल में प्रभावित परिवारों को बेघर किए जाने की कड़ी निंदा की तथा तत्काल पुनर्वास, उचित मुआवजा और न्याय की मांग उठाई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि रात के अंधेरे में बेदखली और तोड़फोड़ की कार्रवाई किसी भी संवेदनशील शासन के अनुरूप नहीं है। उनका कहना था कि प्रभावित परिवारों के लिए पहले सम्मानजनक वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए थी, उसके बाद ही कोई प्रशासनिक कदम उठाया जाता।

विधायक ओंकार साहू ने कहा कि नकटी के ग्रामीणों के साथ किया गया व्यवहार किसी भी सभ्य समाज में स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने बताया कि कांग्रेस के 13 विधायक मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय को पत्र लिखकर नकटी में गरीबों के टूटे घरों और उनके अधिकारों के सम्मान में उस स्थान पर आवास लेने से इंकार कर चुके हैं। उन्होंने भाजपा विधायकों से भी नैतिकता का परिचय देते हुए प्रस्तावित आवास छोड़ने और प्रभावित परिवारों के पक्ष में खड़े होने की अपील की। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि जनप्रतिनिधियों के लिए सर्वसुविधायुक्त आवास बनाना आवश्यक है तो नवा रायपुर में उपलब्ध शासकीय भूमि का उपयोग किया जा सकता है, लेकिन गरीबों को बेघर कर ऐसा करना उचित नहीं है। कांग्रेस ने मांग की कि नकटी में की जा रही कार्रवाई पर तत्काल रोक लगाई जाए तथा प्रभावित परिवारों के पुनर्वास और मुआवजे की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

प्रदर्शन में विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक लक्ष्मी ध्रुव, मोहन लालवानी, शरद लोहाना, अरविंद दोषी, विजय गोलछा, कविता बाबर, आनंद पवार, योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, खिलेन्द्र ध्रुव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story