धमतरी : बिना पीटपास दौड़ रहे हाईवा और अवैध डंप पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : बिना पीटपास दौड़ रहे हाईवा और अवैध डंप पर कार्रवाई की मांग, कांग्रेस ने कलेक्ट्रेट में किया प्रदर्शन


धमतरी, 08 सितंबर (हि.स.)। धमतरी जिले में अवैध उत्खनन और बिना पीटपास खनिज परिवहन के खिलाफ शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी धमतरी ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हाथों में पोस्टर लेकर नारेबाजी की और कलेक्टर के समक्ष ज्ञापन सौंपते हुए अवैध खदानों और डंप पर कड़ी कार्रवाई की मांग की।

कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रशासन की ओर से प्रभावी कार्रवाई नहीं होने के कारण अवैध उत्खनन और परिवहन करने वालों के हौसले बुलंद हैं। बिना पीटपास के हाईवा और अन्य भारी वाहन रात के अंधेरे में खदानों व डंप से निकलकर शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे सड़कें जर्जर हो रही हैं और दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ रहा है। शहर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष गौतम वाधवानी ने कलेक्टर को सौंपे ज्ञापन में बताया कि पूर्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा कुछ हाईवा वाहनों को पकड़कर प्रशासन की कार्रवाई के लिए सुपुर्द किया गया था, लेकिन इसके बाद भी बिना पीटपास वाहनों का परिवहन जारी है।

उन्होंने कहा कि सड़कों की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि यह समझना मुश्किल है कि सड़क में गड्ढे हैं या गड्ढों में सड़क। ज्ञापन में दर्श, खरेंगा, दोनर, मथुराडीह, जंवरगांव, अरौद, लिलर और सलोनी मार्ग पर संचालित डंप की जांच कराने तथा बिना पीटपास खनिज परिवहन करने वाले वाहनों और अवैध खदान व डंप संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई है। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि खनिज विभाग द्वारा रात के समय इन वाहनों की पर्याप्त जांच नहीं किए जाने से अवैध परिवहन लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जिले में चुनिंदा खदानें ही वैध हैं, इसके बावजूद अवैध उत्खनन और परिवहन का खेल प्रशासन की नजरों के सामने चल रहा है। इससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

कांग्रेस नेताओं के अनुसार ग्रामीण भी कई बार कलेक्ट्रेट पहुंचकर अवैध उत्खनन और परिवहन का विरोध कर चुके हैं, लेकिन अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो कांग्रेस कार्यकर्ता दोबारा सड़कों पर उतरकर ऐसे वाहनों को पकड़कर प्रशासन के सुपुर्द करने के लिए बाध्य होंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story