कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध रोकने में सरकार असफल : बैज

WhatsApp Channel Join Now
कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराध रोकने में सरकार असफल : बैज


रायपुर, 25 अगस्त (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने प्रदेश में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी रायपुर समेत पूरे प्रदेश में अपराध बेलगाम हो गए हैं और सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पूरी तरह विफल साबित हो रही है।

दीपक बैज ने कहा कि, राजधानी में लगातार चाकूबाजी, हत्या और दुष्कर्म की घटनाएं सामने आ रही हैं। उन्होंने दावा किया कि पिछले 20 दिनों में अकेले रायपुर में 12 हत्याएं हुई हैं और राजधानी में रोजाना चाकूबाजी की कई घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने कहा कि, प्रदेश के अलग-अलग जिलों में भी हत्या, लूट और दुष्कर्म की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने हाल की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि, राजधानी में युवती से गैंगरेप, महिला की हत्या के बाद शव के साथ दुष्कर्म और एक महिला के साथ एक ही दिन में दो बार गैंगरेप जैसी घटनाएं कानून-व्यवस्था की गंभीर स्थिति को दर्शाती हैं। उन्होंने राजनांदगांव के चिखली में घर में घुसकर हत्या, सक्ती में युवती को घर में घुसकर गोली मारने और पेंड्रा के कोटमी बाजार में सराफा कारोबारी की गोली मारकर हत्या जैसी घटनाओं का भी उल्लेख किया।

बैज ने कहा कि, प्रदेश में लगातार हो रही आपराधिक घटनाओं से लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने आरोप लगाया कि रायपुर में लागू कमिश्नरी सिस्टम भी अपराध पर अंकुश लगाने में सफल नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि पुलिस और सरकार को अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि, भाजपा सरकार बनने के बाद प्रदेश में गोलीबारी की कई घटनाएं हुई हैं। रायपुर के हीरापुर में बम से हमला और बिरगांव में बम बनाने की घटना का उल्लेख करते हुए बैज ने कहा कि, इस तरह की घटनाएं सरकार और पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि, गृहमंत्री लगातार मीडिया से संवाद करते हैं, लेकिन बढ़ते अपराध पर सरकार की जवाबदेही स्पष्ट नहीं है। उन्होंने मुख्यमंत्री और गृह विभाग से कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीरता से ध्यान देने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की।

हिन्दुस्थान समाचार / गायत्री प्रसाद धीवर

Share this story