कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है : तारिणी चंद्राकर
धमतरी, 28 दिसंबर (हि.स.)। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव भवन में रविवार को भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस का 140 वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस कार्यक्रम में मुख्य रूप से उपस्थित जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने ध्वजारोहण कर कांग्रेसी झंडे को सलामी दी। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने लोकतंत्र एवं संविधान की रक्षा का संकल्प लिया।
रविवार को राजीव भवन धमतरी में आयोजित कांग्रेस के स्थापना दिवस कार्यक्रम में खासा उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के करकमलों से पार्टी संगठन का ध्वजारोहण किया। इसके बाद राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, पंडित जवाहरलाल नेहरू, सरदार वल्लभभाई पटेल, इंदिरा गांधी एवं राजीव गांधी सहित कांग्रेस नेताओं के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए तारिणी चंद्राकर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 140 वर्षों से लोकतंत्र, स्वतंत्रता, समानता और सामाजिक न्याय की स्थापना के लिए ऐतिहासिक भूमिका निभाई है। कांग्रेस केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक विचारधारा है। कांग्रेस ने देश को आजादी दिलाने से लेकर संविधान निर्माण, पंचायती राज, हरित क्रांति, शिक्षा, स्वास्थ्य और सामाजिक समरसता जैसे अनेक क्षेत्रों में ऐतिहासिक कार्य किए हैं।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि पार्टी की इस गौरवशाली विरासत को जन-जन तक पहुंचाएं और संगठन को और अधिक मजबूत बनाए। स्थापना दिवस के अवसर पर कांग्रेस नेताओं ने वर्तमान राजनीतिक परिस्थितियों पर भी अपने विचार रखे और कहा कि आज देश में लोकतांत्रिक संस्थाओं और संवैधानिक मूल्यों की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से जन समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए सड़क से सदन तक संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस पार्टी जिंदाबाद और संविधान बचाओ जैसे नारों के साथ पार्टी की एकजुटता और संकल्प को प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर धमतरी विधायक ओंकार साहू, पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व जिलाध्यक्ष शरद लोहाना, मोहन लालवानी, प्रदेश संयुक्त महामंत्री पंकज महावर, पूर्व महापौर विजय देवांगन, जिला पंचायत सदस्य कविता बाबर, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष आकाश गोलछा, योगेश शर्मा, घनश्याम साहू, अरविंद दोशी, डा विजय प्रकाश जैन, हरविंदर छाबड़ा, युवा कांग्रेस नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, एनएसएयूआई जिलाध्यक्ष राजा देवांगन, जिला उपाध्यक्ष मनोज साहू, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव उदित नारायण साहू, तारिक रजा कादरी, आशुतोष खरे, गनेश्वरी कामड़े, गीतराम सिन्हा, राकेश मौर्या, अविनाश मरोठे, तोमेश साहू, विजेंद्र रामटेके, धर्मेंद्र पटेल, अजय सिन्हा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

