सत्ता की लालसा में कांग्रेस युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही : डॉ. विजय शंकर मिश्रा

WhatsApp Channel Join Now
सत्ता की लालसा में कांग्रेस युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही : डॉ. विजय शंकर मिश्रा


रायपुर, 27 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता डॉ. विजय शंकर मिश्रा ने कांग्रेस, राहुल गांधी और पार्टी के अन्य नेताओं पर देश के युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि सत्ता हासिल करने की लालसा में कांग्रेस युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ कर रही है।

डॉ. मिश्रा ने आज गुरुवार को जारी बयान में कहा कि कांग्रेस देश के युवाओं के बीच असंतोष फैलाने और उन्हें भड़काकर अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि युवाओं को शिक्षा, चरित्र निर्माण और राष्ट्र निर्माण की दिशा में प्रेरित करने के बजाय कांग्रेस उन्हें मुख्यधारा से भटकाकर राजनीतिक स्वार्थ के लिए इस्तेमाल करना चाहती है।

भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि देश के युवा भारत की सबसे बड़ी शक्ति और स्वर्णिम भविष्य की नींव हैं। यदि उनके मन में निराशा और आक्रोश पैदा किया जाएगा तो इसका प्रभाव देश के विकास पर पड़ेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस अपने राजनीतिक हितों के लिए युवाओं के भविष्य को दांव पर लगा रही है।

डॉ. मिश्रा ने कांग्रेस नेतृत्व से युवाओं को राजनीतिक उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल नहीं करने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और अपने करियर पर ध्यान केंद्रित करने का अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने दावा किया कि देश का युवा जागरूक है और वह कांग्रेस की कथित भ्रामक राजनीति के बहकावे में नहीं आएगा तथा राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखकर आगे बढ़ेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

Share this story