कांग्रेस ने मनाई स्व.राजीव गांधी की जयंती, पुष्पांजलि अर्पित कर किया नमन
जगदलपुर, 20 अगस्त (हि.स.)। बस्तर जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं के ने गुरूवार काे भारत के पूर्व प्रधानमंत्री, भारत रत्न स्व.राजीव गांधी की जयंती के अवसर पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके योगदान को याद किया एवं उपस्थित कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों और विचारों पर चलने का संकल्प लिया।पूर्व विधायक रेखचंद जैन ने स्व.राजीव गांधी के जीवन एवं राजनीतिक योगदान पर प्रकाश डालते हुए कहा कि राजीव गांधी ने देश को आधुनिक एवं तकनीकी रूप से सक्षम बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य किया। उन्होंने युवाओं को देश की शक्ति मानते हुए उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए। संचार क्रांति, कंप्यूटर एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में उनके द्वारा लिए गए दूरदर्शी निर्णयों ने भारत के विकास की नई नींव रखी। पंचायती राज संस्थाओं को सशक्त करने तथा युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में भी उनका योगदान महत्वपूर्ण रहा। राजीव गांधी की जयंती केवल उन्हें स्मरण करने का अवसर नहीं, बल्कि उनके आधुनिक, प्रगतिशील और समावेशी भारत के सपने को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का दिन है। हम समस्त कांग्रेसजन उनके विचारों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने कहा कि स्व.राजीव गांधी का जीवन देश की एकता,अखंडता और विकास के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी ने बदलते समय की आवश्यकताओं को समझते हुए भारत को 21 वीं सदी की ओर ले जाने का सपना देखा और उसे साकार करने के लिए अनेक ऐतिहासिक पहल कीं। इस दौरान ब्लॉक अध्यक्ष बलराम यादव, सूर्यापानी, महामंत्री अभिषेक नायडू, नीतीश शर्मा सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

