कांग्रेस ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की मनाई जयंती

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की मनाई जयंती


जगदलपुर, 14 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस ने प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती के अवसर पर आज शनिवार काे शहर जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर उनके योगदान को स्मरण किया और देश के प्रति उनके समर्पण को नमन करते हुए जयंती मनाई गई।

शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सुशील मौर्य ने पंडित जवाहरलाल नेहरू जी के जीवन, स्वतंत्रता संग्राम में उनकी भूमिका और आजादी के बाद राष्ट्र निर्माण में उनके ऐतिहासिक योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि पंडित जवाहरलाल नेहरू केवल देश के प्रथम प्रधानमंत्री ही नहीं, बल्कि आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले दूरदर्शी राष्ट्रनिर्माता थे। स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उन्होंने महात्मा गांधी के नेतृत्व में देश की आजादी के लिए लंबा संघर्ष किया और अनेक बार जेल गये।

सुशील मौर्य ने बताया कि पंडित नेहरू बच्चों से विशेष स्नेह रखते थे। उनका मानना था कि बच्चे ही देश का भविष्य हैं और उनके बेहतर शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सर्वांगीण विकास से ही मजबूत राष्ट्र का निर्माण संभव है। यही कारण है कि बच्चे उन्हें प्यार से चाचा नेहरू कहकर पुकारते थे, और उनकी जयंती को बाल दिवस के रूप में भी मनाया जाता है। आज के दौर में पंडित जवाहरलाल नेहरू के विचार और भी प्रासंगिक हो जाते हैं। उन्होंने जिस लोकतांत्रिक, समावेशी और वैज्ञानिक सोच वाले भारत की कल्पना की थी, उसकी रक्षा करना हम सभी की जिम्मेदारी है। नेहरू जी ने देश को विविधताओं के बीच एकता, आपसी भाईचारे और संवैधानिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का रास्ता दिखाया। उनके विचार और राष्ट्र निर्माण के प्रति उनका समर्पण आने वाली पीढ़ियों को हमेशा प्रेरणा देता रहेगा।

इस दौरान हनुमान द्विवेदी, जिला उपाध्यक्ष वीरेंद्र परिहार, उपनेता प्रतिपक्ष कोमल सेना, महामंत्री अभिषेक नायडू, रविशंकर तिवारी, विजय दास, सलीम अली आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

777159 Articles

Share this story