'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को बूथस्तर तक पहुंचाने सुकमा पहुंचे नागपुर के कांग्रेस विधायक
सुकमा, 13 नवंबर (हि.स.)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 'वोट बचाओ, देश बचाओ' अभियान को बूथ स्तर तक पहुंचाने के लिए शुक्रवार को नागपुर के विधायक विकास पांडुरंग ठाकरे जिला मुख्यालय सुकमा पहुंचे। यहां जिला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। इस दौरान जिला प्रभारी अवधेश गौतम एवं हरीश कवासी भी मौजूद रहे। ठाकरे ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि देश की कमान जिन लोगों के हाथों में है, वही अराजकता की बात कर रहे हैं और मोर्चा निकाल रहे हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि जब देश के गृहमंत्री ही अराजकता की बात कर रहे हैं तो इसकी जिम्मेदारी किसकी है? उन्होंने कहा कि कांग्रेस का संकल्प देश और लोकतंत्र को सुरक्षित रखने का है।
विधायक विकास ठाकरे ने कहा कि दिल्ली के रामलीला मैदान में राहुल गांधी ने देशभर के कांग्रेस कार्यकर्ताओं से वोट बचाने का आह्वान किया था। उनका स्पष्ट संदेश है कि वोट बचेगा, तभी देश बचेगा। दिल्ली में किए गए ऐलान को अब गली-मोहल्लों और गांवों तक पहुंचाने का काम कांग्रेस कर रही है। इसके लिए वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों और जिलों में बूथ स्तर तक भेजा जा रहा है। ठाकरे ने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता अपने-अपने बूथ की मतदाता सूची की जांच करेंगे। इसमें यह पता लगाया जाएगा कि मतदाताओं के नाम क्यों काटे गए हैं। बूथ पर कोई फर्जी वोट नहीं पड़े, इस पर भी नजर रखी जाएगी। प्रत्येक कार्यकर्ता को पहले अपना, अपने परिवार और मोहल्ले के लोगों का वोट सुरक्षित है या नहीं, इसकी जानकारी जुटानी होगी। उन्होंने कहा कि बूथ से लेकर जिला स्तर तक के जिम्मेदार पदाधिकारी प्रशासन से मतदाता सूची और चुनावी प्रक्रिया का हिसाब मांगेंगे।
विधायक ठाकरे ने बताया कि वे सुकमा, दंतेवाड़ा और बीजापुर समेत पांच जिलों के दौरे पर हैं। छोटे जिलों में भी मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा के लिए काम किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि यह केवल किसी राजनीतिक दल का अभियान नहीं, बल्कि लोकतंत्र को जिंदा रखने की लड़ाई है। यदि लोकतंत्र सुरक्षित नहीं रहेगा तो देश भी सुरक्षित नहीं रह पाएगा। राहुल गांधी का साथ देने के लिए कांग्रेस का हर कार्यकर्ता एकजुट होकर काम कर रहा है।
इस दौरान जिला कांग्रेस अध्यक्ष हरीश कवासी, शेख सज्जर, वेको हुंगा, सोयम मगम्मा, सोयम जया, मोहम्मद हुसैन, रमेश राठी, मुर्तजा गुलाम, राजेश नारा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

