राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन, लोकभवन घेराव करने निकले कांग्रेसियाें काे पुलिस ने रोका
रायपुर, 22 जुलाई (हि.स.)। दिल्ली में प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी की हिरासत के बाद बुधवार काे कांग्रेस नेताओं व कार्यकताओं ने रायपुर लोकभवन के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया।
राहुल गांधी के समर्थन में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने रायपुर में लोकभवन के बाहर विरोध-प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान पूर्व विधायक विकास उपाध्याय समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने लोकभवन की ओर बढ़ने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने उन्हें बैरिकेडिंग पर रोक दिया। इसके बाद प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की और तीखी नारेबाजी हुई।
कांग्रेस का आरोप है कि केंद्र सरकार लोकतांत्रिक तरीके से विरोध दर्ज कराने का अधिकार भी छीन रही है। पार्टी नेताओं ने कहा कि नीट पेपर लीक जैसे गंभीर मुद्दे पर जवाब देने के बजाय विपक्ष की आवाज को दबाया जा रहा है। दरअसल, दिल्ली में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कई विपक्षी नेता प्रधानमंत्री आवास के बाहर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे और नीट पेपर लीक मामले पर संसद में जवाबदेही की मांग को लेकर धरने पर बैठे थे। इसके बाद दिल्ली पुलिस ने सभी नेताओं को हिरासत में ले लिया। इसी कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने देशभर में प्रदर्शन शुरू कर दिए हैं।
वहीं दिल्ली के प्रदर्शन में शामिल रहे छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी सोशल मीडिया पर दावा किया कि उन्हें अन्य वरिष्ठ नेताओं के साथ पुलिस ने हिरासत में लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस उन्हें बस में बैठाकर ले गई और इस दौरान उनका एक जूता भी उतर गया। रायपुर में हुए प्रदर्शन के बाद यह साफ हो गया है कि दिल्ली का राजनीतिक टकराव अब छत्तीसगढ़ की सड़कों तक पहुंच चुका है। कांग्रेस इसे लोकतंत्र बचाने की लड़ाई बता रही है, जबकि भाजपा इसे राजनीतिक नौटंकी करार दे रही है। ऐसे में आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर प्रदेश की सियासत और गरमाने के संकेत मिल रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चन्द्र नारायण शुक्ल

