कांग्रेस के निरीक्षण में उजागर हुई अटल आवास की बदहाली, गिरी सीढ़ियां
धमतरी, 22 जुलाई (हि.स.)। कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर और विधायक ओंकार साहू ने बुधवार को स्वामी विवेकानंद एवं जोधापुर वार्ड स्थित अटल आवास का निरीक्षण किया। इस दौरान स्वामी विवेकानंद वार्ड के एक ब्लाक की जर्जर सीढ़ियां गिर गई, जिससे कुछ कार्यकर्ताओं को हल्की चोटें आई और बड़ा हादसा टल गया। निरीक्षण में सामने आई बदहाली के बाद कांग्रेस ने अटल आवास के तत्काल पुनर्निर्माण की मांग करते हुए चेतावनी दी कि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन किया जाएगा।
स्वामी विवेकानंद वार्ड और जोधापुर वार्ड स्थित अटल आवास के रहवासियों ने कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल के सामने अपनी समस्याएं रखी। स्वामी विवेकानंद वार्ड के रहवासियों ने बताया कि अधिकांश ब्लाकों की सीढ़ियां और छज्जे जर्जर हो चुके हैं और भवनों में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। हर समय दुर्घटना की संभावना बनी रहती है और निरीक्षण के दौरान सीढ़ियां गिरने की घटना ने इस खतरे को उजागर कर दिया। वहीं जोधापुर वार्ड के अटल आवास में रहने वाले परिवारों ने बताया कि वर्षों से भवनों की मरम्मत नहीं होने के कारण छतों से लगातार पानी टपकता है। पानी के रिसाव से दीवारों में हमेशा सीलन बनी रहती है, जिससे कई स्थानों पर बिजली के बोर्ड और दीवारों में करंट उतरने का खतरा पैदा हो गया है।
रहवासियों ने बताया कि छोटे बच्चों और बुजुर्गों के लिए यह स्थिति सबसे अधिक जोखिम भरी है। उन्होंने अटल आवास को चरणबद्ध तरीके से खाली कराकर नए सिरे से निर्माण कराने की मांग की।कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने कहा कि अटल आवास की बदहाली प्रशासनिक उदासीनता का परिणाम है। यहां रहने वाले परिवार मूलभूत सुविधाओं से वंचित होने के साथ असुरक्षित माहौल में जीवन बिताने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान सीढ़ियां गिरना इस बात का संकेत है कि भवन अब रहने योग्य नहीं बचे हैं। यदि जल्द पुनर्निर्माण शुरू नहीं किया गया तो कांग्रेस जनता के साथ आंदोलन करेगी। विधायक ओंकार साहू ने कहा कि निरीक्षण के दौरान हुई घटना बेहद गंभीर है। जिन सीढ़ियों का उपयोग रोज बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग करते हैं, उनका गिरना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि मामले की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी गई है और यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो कांग्रेस इस मुद्दे को सदन से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाएगी। इस दौरान शहर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष द्वय योगेश शर्मा, गौतम वाधवानी, ग्रामीण ब्लाक अध्यक्ष खिलेंद्र ध्रुव, नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर, उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन, जिला महामंत्री आकाश गोलछा, पार्षद सुमन मेश्राम, सूरज गहरवार, पूर्व पार्षद सोमेश मेश्राम, शास्त्री सोनवानी, राकेश मौर्या, उदित नारायण साहू, आशुतोष खरे, प्रवीण साहू, अविनाश मरोठे, धर्मेंद्र पटेल, सूरज सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।
हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

