नीट परीक्षा को लेकर युवाओं की हितैषी बनने का पाखण्ड प्रदर्शित कर रही कांग्रेस : गौरीशंकर श्रीवास
रायपुर, 29 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता गौरीशंकर श्रीवास ने आज बुधवार को छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (सीजी-पीएससी) भर्ती अनियमितताओं को लेकर कांग्रेस और पिछली भूपेश बघेल सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस राष्ट्रीयस्तर पर नीट परीक्षा को लेकर युवाओं की हितैषी बनने का प्रयास कर रही है, जबकि छत्तीसगढ़ में कथित पीएससी घोटाले पर उसने चुप्पी साध रखी है।
भाजपा कार्यालय एकात्म परिसर में आयोजित पत्रकारवार्ता में श्रीवास ने कहा कि सीजी-पीएससी के तत्कालीन अध्यक्ष टामन सिंह सोनवानी की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा गिरफ्तारी इस बात का प्रमाण है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल भ्रष्टाचार का मामला नहीं, बल्कि राज्य के युवाओं के भविष्य के साथ किया गया षड्यंत्र है।
उन्होंने दावा किया कि भूपेश बघेल सरकार के कार्यकाल में युवाओं ने कथित अनियमितताओं के संबंध में सबूत प्रस्तुत किए थे, लेकिन उन पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। श्रीवास ने कहा कि कांग्रेस को इस मामले पर अपना पक्ष स्पष्ट करना चाहिए और यदि उसे अपनी गलती का एहसास है तो राज्य के युवाओं से माफी मांगनी चाहिए।
भाजपा प्रवक्ता ने वन रक्षक भर्ती परीक्षा, विद्युत नियामक आयोग में सहायक निदेशक की नियुक्ति सहित अन्य भर्तियों में भी कथित अनियमितताओं और भाई-भतीजावाद के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विष्णुदेव साय सरकार और केंद्रीय जांच एजेंसियां मामले में शामिल किसी भी व्यक्ति को नहीं बख्शेंगी और युवाओं को न्याय दिलाया जाएगा।
पत्रकार वार्ता में भाजपा प्रदेश प्रवक्ता एवं पीएससी मामले के याचिकाकर्ता रवीन्द्र सिंह ने भी कांग्रेस शासनकाल में वर्ष 2003 और 2021 की पीएससी परीक्षाओं में संगठित तरीके से पेपर लीक होने का आरोप लगाया। उन्होंने दावा किया कि इन मामलों में कार्रवाई भाजपा सरकार के आने के बाद शुरू हुई, जबकि कांग्रेस ने कथित अनियमितताओं पर पर्दा डालने का प्रयास किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती और प्रदेश मीडिया सह-संयोजक प्रवीण साहू भी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गेवेन्द्र प्रसाद पटेल

