कांग्रेस ने 13 ग्राम पंचायतों के बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
कांग्रेस ने 13 ग्राम पंचायतों के बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करने की मांग


कांग्रेस ने 13 ग्राम पंचायतों के बाढ़ प्रभावितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध करने की मांग


जगदलपुर, 09 अक्टूबर (हि.स.)। जिले के नगरनार क्षेत्र में हुई भारी बारिश एवं बाढ़ से प्रभावित 13 ग्राम पंचायतों के किसानों और ग्रामीण परिवारों की समस्याओं को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरनार ने एनएमडीसी प्रबंधन को आज शुक्रवार काे ज्ञापन सौंपकर प्रभावितों को तत्काल राहत प्रदान करने की मांग की है।

ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नगरनार के अध्यक्ष संतोष सेठिया के नेतृत्व में विगत दिनों कांग्रेस पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने एनएमडीसी प्रबंधन के समक्ष प्रभावित किसानों की आर्थिक स्थिति,फसलों को हुए नुकसान तथा ग्रामीणों की बुनियादी समस्याओं को प्रमुखता से उठाते हुए ज्ञापन सौंपा है।

ज्ञापनमें बताया गया कि हाल ही में हुई भारी बारिश एवं बाढ़ के कारण नगरनार क्षेत्र की 13 ग्राम पंचायतों में किसानों की फसलें और कृषि भूमि प्रभावित हुई हैं। इससे किसानों एवं ग्रामीण परिवारों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है। प्रभावित किसानों के सामने आगामी फसल की तैयारी, कृषि कार्यों के लिए आवश्यक संसाधनों की व्यवस्था तथा परिवारों की आजीविका चलाने की चुनौती खड़ी हो गई है। ऐसे में प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता एवं राहत उपलब्ध कराना आवश्यक है।

नगरनार ब्लॉक अध्यक्ष संतोष सेठिया के द्वारा एनएमडीसी प्रबंधन से मांग की गई है कि बाढ़ से प्रभावित 13 ग्राम पंचायतों के किसानों को प्रति एकड़ 50 हजार रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान की जाए, ताकि वे अपनी आर्थिक स्थिति को संभाल सकें और कृषि कार्यों को पुनः शुरू कर सकें, प्रभावित सभी किसानों की फसलों एवं कृषि भूमि को हुए नुकसान का निष्पक्ष और पारदर्शी सर्वेक्षण कराया जाए। वास्तविक नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को उचित मुआवजा उपलब्ध कराया जाए, बाढ़ के कारण खेतों में हुए कटाव, मिट्टी के नुकसान तथा अन्य प्रकार की क्षति की भरपाई के लिए भूमि सुधार एवं आवश्यक मरम्मत कार्य एनएमडीसी के माध्यम से कराए जाएं, जिससे किसान अपनी कृषि भूमि को दोबारा खेती योग्य बना सकें।

प्रभावित किसानों को आगामी फसल की तैयारी के लिए बीज, खाद एवं अन्य आवश्यक कृषि सामग्री उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए, ताकि आर्थिक संकट के कारण उनकी खेती प्रभावित न हो, बाढ़ प्रभावित पंचायतों के ग्रामीण परिवारों को राहत पहुंचाने के लिए एनएमडीसी की सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) मद से विशेष राहत पैकेज घोषित किया जाए। इसके माध्यम से जरूरतमंद परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाए, भविष्य में ऐसी आपदा की पुनरावृत्ति से ग्रामीणों को बचाने के लिए प्रभावित क्षेत्रों में स्थायी बाढ़-रोधी व्यवस्था विकसित की जाए। इसके अंतर्गत नालों की सफाई, जल निकासी व्यवस्था, जल प्रवाह में सुधार तथा आवश्यक बाढ़-रोधी निर्माण कार्यों को प्राथमिकता दी जाए। एनएमडीसी प्रबंधन द्वारा प्रभावित 13 ग्राम पंचायतों के जनप्रतिनिधियों और किसानों के प्रतिनिधियों के साथ तत्काल बैठक आयोजित की जाए। बैठक में समस्याओं पर विस्तार से चर्चा कर उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार की जाए।

ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला उपाध्यक्ष लेखन बघेल, अमित पांडे, दयाराम कश्यप, बलराम कोकोडू, विजय बिसाई,इंदु बघेल,संजय नाग, मुकुंद नेताम आदि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राकेश पांडे

Share this story