धमतरी : कांग्रेस पार्षद दल ने आबादी पट्टा -आवास योजना समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम कार्यालय का किया घेराव

WhatsApp Channel Join Now
धमतरी : कांग्रेस पार्षद दल ने आबादी पट्टा -आवास योजना समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम कार्यालय का किया घेराव


धमतरी : कांग्रेस पार्षद दल ने आबादी पट्टा -आवास योजना समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर निगम कार्यालय का किया घेराव


धमतरी , 21 जुलाई (हि.स.)। बरसते पानी के बीच मंगलवार को कांग्रेस पार्षद दल ने आबादी पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी, जर्जर अटल आवास समेत 12 सूत्रीय मांगों को लेकर नगर निगम धमतरी कार्यालय का घेराव किया। पट्टा और आवास से वंचित लोग भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए। घड़ी चौक से पदयात्रा करते हुए प्रदर्शनकारी निगम कार्यालय पहुंचे, जहां बैरिकेडिंग के बावजूद युवा कांग्रेस कार्यकर्ता मुख्य गेट तक पहुंच गए। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच झूमाझटकी भी हुई।

प्रदर्शन की शुरुआत घड़ी चौक से हुई। बारिश के बावजूद कांग्रेस पदाधिकारी, पार्षद, कार्यकर्ता और विभिन्न वार्डों के लोग पैदल मार्च करते हुए नगर निगम कार्यालय पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के तहत पुलिस ने निगम के दोनों प्रमुख प्रवेश मार्गों पर बैरिकेडिंग की थी, लेकिन नारेबाजी के बीच युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता बैरिकेड पार कर निगम के मुख्य गेट तक पहुंच गए। इसके बाद कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर के नेतृत्व में पार्षदों, कार्यकर्ताओं और प्रभावित लोगों ने निगम गेट के सामने धरना दिया। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने नगर निगम आयुक्त अरुण कुमार वर्मा को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने महापौर और नगर निगम प्रशासन पर भ्रष्टाचार एवं कमीशनखोरी के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि, वर्तमान परिषद के डेढ़ वर्ष के कार्यकाल में वार्डों के विकास कार्य अपेक्षित गति नहीं पकड़ सके और चुनाव के दौरान किए गए पट्टा वितरण के वादे भी अधूरे हैं। उन्होंने बेलिंग मशीन, कचरा रिक्शा, टिप्पर, चेन-माउंटेन और सहित विभिन्न खरीदी प्रक्रियाओं की जांच एवं डीजल चोरी मामले की रिपोर्ट सार्वजनिक करने की मांग उठाई। साथ ही शहर की मूलभूत सुविधाओं में सुधार और जनहित से जुड़े लंबित मामलों का शीघ्र निराकरण करने की मांग की।

कांग्रेस जिलाध्यक्ष तारिणी चंद्राकर ने आरोप लगाया कि, नगर निगम में भाजपा के डेढ़ वर्ष से अधिक के कार्यकाल में शहर के 40 वार्डों में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, सड़क, नाली, पेयजल और स्ट्रीट लाइट जैसी मूलभूत सुविधाओं के लिए लोग आज भी परेशान हैं। कांग्रेस जनता की आवाज बनकर इन मुद्दों को सड़क से सदन तक उठा रही है। मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

निगम के नेता प्रतिपक्ष दीपक सोनकर एवं उप नेता प्रतिपक्ष विशु देवांगन ने कहा कि, कांग्रेस का आंदोलन राजनीतिक नहीं, बल्कि शहरवासियों की बुनियादी समस्याओं के समाधान के लिए है। उन्होंने कहा कि यदि निगम प्रशासन ने समय रहते मांगों पर निर्णय नहीं लिया तो चरणबद्ध आंदोलन जारी रहेगा। इस प्रदर्शन में पूर्व विधायक लेखराम साहू, पूर्व महापौर विजय देवांगन, पूर्व जिलाध्यक्ष मोहन लालवानी सहित कांग्रेस कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित थे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोशन सिन्हा

Share this story